जहानाबाद के जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव की तारीख पास आ रही है, राजनीति का रंग भी बदलता जा रहा है। सोमवार को इस बदलाव की एक बड़ी मिसाल तब देखने को मिली, जब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने एक निजी होटल में बैठक कर निर्दलीय उम्मीदवार चुन्नू शर्मा को अपना आधिकारिक समर्थन देने का ऐलान कर दिया। बैठक में बसपा नेता व्यास मुनि ने बताया कि पार्टी ने लंबे विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया है। उन्होंने कहा,
जहानाबाद में बाकी प्रत्याशी सिर्फ सत्ता की राजनीति करते हैं। गरीबों की कोई सुनवाई नहीं करते। लेकिन चुन्नू शर्मा शुरुआत से ही जरूरतमंदों की मदद में जुटे हैं, चाहे कोई बीमारी हो या सामाजिक परेशानी वे हर वक्त जनता के साथ खड़े रहे हैं। व्यास मुनि ने साफ कहा कि बसपा अब पूरी ताकत से चुन्नू शर्मा के समर्थन में काम करेगी और “बसपा का एक-एक वोट चुन्नू शर्मा को ही जाएगा।”
जताया भरोसा
चुन्नू बोले कि जनता का भरोसा सबसे बड़ी ताकत बसपा का समर्थन मिलने के बाद चुन्नू शर्मा ने कहा कि यह फैसला उनके लिए सम्मान की बात है। बसपा ने जो भरोसा जताया है, वह मेरे लिए बड़ी जिम्मेदारी है। जनता का जो प्यार मिल रहा है, वही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने बताया कि जहां भी वे प्रचार के लिए जा रहे हैं, लोग खुलकर समर्थन दे रहे हैं। उनका दावा है कि इस बार जहानाबाद की जनता ने बदलाव का मन बना लिया है और चुनाव का माहौल पूरी तरह उनके पक्ष में है।
एनडीए और महागठबंधन पर साधा निशाना
- चुन्नू शर्मा ने कहा कि एनडीए और महागठबंधन दोनों ही पुराने चेहरों का गठजोड़ हैं।
- “ये वही लोग हैं जो सालों से जनता से वादे करते आए हैं, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं किया। अब जनता उन्हें अच्छी तरह पहचान चुकी है, इस बार वे किसी के झांसे में नहीं आएंगे।”
- उन्होंने कहा कि वे राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हैं, न कि कुर्सी पाने का जरिया।
बसपा का समर्थन बना ‘गेम चेंजर’
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि जहानाबाद में बसपा के समर्थन से चुनाव का समीकरण पूरी तरह बदल सकता है। बसपा के पास दलित और पिछड़े वर्ग का मजबूत वोट बैंक है, और अगर यह समर्थन चुन्नू शर्मा को एकजुट होकर मिलता है, तो मुकाबला त्रिकोणीय से सीधा हो सकता है।
