बिहार में पहले चरण की वोटिंग जारी है और इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अररिया में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने मैथिली भाषा में लोगों का अभिवादन किया, जिससे भीड़ ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज बिहार के कोने-कोने से शानदार तस्वीरें आ रही हैं। सुबह-सुबह ही बूथों पर लंबी कतारें लगी हैं। हर तरफ एक ही आवाज गूंज रही है, “फिर एक बार, NDA सरकार।” उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने विकास की राजनीति को चुना है और ये जोश बताता है कि जनता मन बना चुकी है।
RJD पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में विपक्षी दल RJD पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि RJD के नेताओं ने बिहार की पूरी एक पीढ़ी का भविष्य खा लिया। भ्रष्टाचार और कुशासन की वजह से बिहार सालों तक पिछड़ा रहा। उन्होंने कहा कि 2014 में जब केंद्र में डबल इंजन की सरकार बनी तो बिहार की तस्वीर बदलने लगी।
बिहार में विकास की लंबी फेहरिस्त गिनाई
मोदी ने कहा कि NDA सरकार ने बिहार में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए हैं। पटना में IIT, बोधगया में IIM, पटना और दरभंगा में AIIMS, भागलपुर में IIIT और राज्य में चार केंद्रीय विश्वविद्यालय आज बिहार के युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि गंगा नदी पर चार बड़े पुल बन चुके हैं, जिससे राज्य के कई हिस्सों का संपर्क पहले से बेहतर हुआ है।
बिहार के अररिया में जनता-जनार्दन का ये उत्साह महागठबंधन की नींद उड़ाने वाला है। आशीर्वाद देने आए सभी बहनों, भाइयों, माताओं और बुजुर्गों का हृदय से आभार। https://t.co/ISacS8MQy4
— Narendra Modi (@narendramodi) November 6, 2025
भीड़ देखकर बोले मोदी
सभा में उमड़ी भीड़ देखकर प्रधानमंत्री ने कहा, “इतना बड़ा पंडाल मैंने बहुत कम देखा है। मैं हेलिकॉप्टर से देख रहा था, हजारों लोग पैदल आ रहे थे। पंडाल के बाहर भी लोग खड़े हैं।” उन्होंने हंसते हुए कहा, “आप सब सुबह-सुबह आ गए, बताइए घरवालों को आज खाना मिलेगा या नहीं? या फिर सुबह 4 बजे उठकर बनाकर आए हैं?” मोदी ने कहा कि जनता का ये उत्साह बताता है कि नतीजा क्या होने वाला है। उन्होंने कहा कि अररिया की ये भीड़ चुनाव से पहले ही बता रही है कि जनता ने मन बना लिया है। बिहार की जनता अब विकास से समझौता नहीं करेगी। सभा के अंत में प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे मतदान जरूर करें और बिहार को आगे बढ़ाने के इस अभियान में NDA का साथ दें।
