, ,

अमित शाह की सभा में अव्यवस्था, महिलाओं ने खुद ढोईं कुर्सियां; वीडियो वायरल

Author Picture
Published On: 30 October 2025

मुंगेर के तारापुर में गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की चुनावी सभा में अव्यवस्था का नजारा देखने को मिला। सभा स्थल पर बारिश और गड़बड़ी की वजह से महिलाओं को खुद कुर्सियां ढोनी पड़ीं। इस दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग पूछ रहे हैं कि अगर गृह मंत्री की सभा में ऐसी हालत है, तो आम लोगों का क्या होगा?

असरगंज प्रखंड के जलालाबाद रहमतपुर खेल मैदान में यह सभा रखी गई थी। अमित शाह यहां NDA प्रत्याशी सम्राट चौधरी के समर्थन में सभा को संबोधित करने वाले थे, लेकिन लगातार दो दिन की बारिश ने सारा कार्यक्रम बिगाड़ दिया।

बुधवार शाम तक टेंट और मंच तैयार नहीं हो पाया था। सुबह-सुबह ही मजदूर और कार्यकर्ता तैयारी में जुटे हुए थे, लेकिन वक्त की कमी से सब अधूरा रह गया। जब गाड़ी से कुर्सियां लोड होकर मैदान पहुंचीं, तो काम पर लगे लोग इधर-उधर थे। तभी वहां पहुंची महिलाओं ने खुद ही गाड़ी से कुर्सियां उतारनी शुरू कर दीं। किसी ने मदद नहीं की। कुछ लोग खड़े तमाशा देखते रहे। महिलाएं कहती दिखीं, “हमारे बैठने की कोई व्यवस्था नहीं थी, इसलिए खुद करनी पड़ी।” यह दृश्य देखकर वहां मौजूद कई लोग असहज हो गए।

वायरल वीडियो

वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने भी निशाना साधा है। लोग सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं, “जहां सरकार महिलाओं को सम्मान और आरक्षण देने की बात करती है, वहीं उनकी सभाओं में उन्हें कुर्सी तक खुद उठानी पड़ रही है।” सभा स्थल पर पहुंचे कुछ स्थानीय लोगों ने कहा कि “इतनी बड़ी सभा हो और तैयारी अधूरी रहे, ये आयोजकों की नाकामी है। अगर सुबह से थोड़ा और प्रबंधन होता, तो ऐसी नौबत नहीं आती।”

बारिश बनी बहाना

हालांकि आयोजन समिति का कहना है कि खराब मौसम के चलते काम में देरी हुई। बारिश के कारण मैदान में कीचड़ भी था, जिस वजह से कई चीजें समय पर नहीं लग पाईं, लेकिन लोगों का कहना है “बरसात तो पहले से पता थी, फिर भी तैयारी अधूरी क्यों रही?” अब यह वीडियो तारापुर की सभा से ज्यादा व्यवस्था की पोल खोलने के लिए चर्चा में है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp