बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा पल आया, जब नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटना के गांधी मैदान में सुबह से ही माहौल बिल्कुल उत्सव जैसा था। मंच सजा हुआ, वीआईपी की लंबी कतार, और हजारों की भीड़… सब मिलकर इस शपथ समारोह को खास बना रहे थे। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई बड़े नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया। मंच पर कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद थे। जिसमें हरियाणा, असम, गुजरात, यूपी, मेघालय, नगालैंड, एमपी, राजस्थान और दिल्ली के भी शीर्ष नेता पहुंचे।
26 मंत्रियों ने ली शपथ
शपथ मंच पर नीतीश कुमार के साथ-साथ सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। इसके बाद एक-एक करके 26 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई।
- BJP : 14 मंत्री
- JDU : 8 मंत्री
- LJP (राम विलास) : 2 मंत्री
- HAM : 1 मंत्री
- कुशवाहा की पार्टी : 1 मंत्री
कैबिनेट में एक मुस्लिम चेहरा भी शामिल किया गया है। JDU के जमा खान, जिन्हें दोबारा मौका मिला है।
आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित बिहार सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित हुआ।
श्री @NitishKumar जी को मुख्यमंत्री, श्री @samrat4bjp जी व श्री @VijayKrSinhaBih जी को उपमुख्यमंत्री और सदस्यों को मंत्री के रूप में शपथ लेने की हार्दिक…
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) November 20, 2025
चिराग पासवान ने छुए पैर
शपथ के बाद पीएम मोदी ने मंच से गमछा हिलाकर जनता का अभिवादन किया। मंच पर कई दिलचस्प पल भी देखने को मिले। चिराग पासवान ने मंच पर पहुंचकर मांझी और जेपी नड्डा के पैर छुए, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा शुरू हो गई है। कभी विरोध में खड़े रहने वाले कई चेहरे अब एक मंच पर मुस्कुराते नजर आए।
कैबिनेट में 13 नए चेहरे
इस बार नीतीश कैबिनेट में 13 नए लोगों को जगह दी गई है। BJP से रामकृपाल यादव और श्रेयसी सिंह जैसे नाम पहली बार मंत्री बने हैं। चिराग की पार्टी LJP(R) से भी दो विधायकों को मंत्री पद मिला है। इनमें संजय सिंह खास चर्चा में हैं, क्योंकि वे महुआ सीट से तेजप्रताप यादव को हराकर विधानसभा में पहुंचे थे। तेजप्रताप को हराना ही उनके लिए बड़ी खबर था, और अब मंत्रिमंडल में जगह मिलना उनकी राजनीतिक मजबूती का संकेत है।
