पटना में बिहार चुनावी माहौल के बीच राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक ऐसा बयान दे दिया है, जिसने सियासत में हलचल मचा दी है। उन्होंने खुलकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला करते हुए कहा, “भाजपा में बलात्कारियों का जमघट है। वहां ऐसे लोगों की भरमार है जो महिलाओं का सम्मान नहीं जानते।” रोहिणी के इस बयान ने सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक चर्चा छेड़ दी है। रोहिणी ने कहा कि भाजपा एक तरफ महिलाओं की सुरक्षा की बातें करती है, लेकिन असल में उसी पार्टी में ऐसे नेता मौजूद हैं जिन पर गंभीर आरोप हैं।
उनका कहना था, “जो खुद को संस्कारी कहते हैं, वही सबसे बड़े पाखंडी हैं। भाजपा की बातें सिर्फ मंच तक सीमित हैं, जमीन पर कुछ नहीं।” उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब इन झूठे नारों को पहचान चुकी है, और इस बार वोट विकास और रोजगार पर होगा, न कि नफरत पर।
नीतीश कुमार को भी घेरा
राजद नेता यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी निशाने पर लिया। रोहिणी ने कहा कि नीतीश कुमार ने विधानसभा के अंदर महिलाओं को लेकर जो टिप्पणी की थी, उससे साफ है कि उनकी सोच कितनी घटिया है। जो खुद महिलाओं की गरिमा की बात करते हैं, वही सबसे पहले उसे ठेस पहुंचाते हैं। रोहिणी आचार्य ने कहा कि इस बार बिहार की हवा बदल चुकी है। अब वो सरकार आने वाली है जो युवाओं को नौकरी देगी, किसानों को राहत देगी और बिहार को पलायन से मुक्त करेगी। बिहार में तेजस्वी यादव की सरकार बनने जा रही है।
भाई तेज प्रताप से दूरी
जब उनसे तेज प्रताप यादव के लिए प्रचार को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने साफ कहा कि तेज प्रताप की पार्टी अलग है, और मैं सिर्फ राजद के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करूंगी।
भाई हैं, उन पर मेरा आशीर्वाद रहेगा, लेकिन राजनीति में हमारी राहें अलग हैं। राहुल गांधी पर पीएम मोदी के बयान पर बोलीं कि छठ का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राहुल गांधी के छठ पर्व को लेकर दिए बयान पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी। रोहिणी ने कहा, “हम बिहारी छठ मैया की पूजा दिल से करते हैं। कोई बाहरी आकर हमारी आस्था पर सवाल नहीं उठा सकता। छठ हमारे संस्कार की पहचान है, किसी राजनीति का मुद्दा नहीं।”
चुनावी ताप बढ़ा
रोहिणी का यह बयान चुनावी माहौल को और गरमा गया है। अब देखना यह होगा कि भाजपा इस पर क्या जवाब देती है, लेकिन इतना तय है कि बिहार में सियासत की जंग अब और तीखी हो चुकी है।
