पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया प्रखंड में मंगलवार को एनडीए की बिहार चुनावी सभा के दौरान अचानक हंगामा मच गया। शहीद भगत सिंह खेल मैदान में चल रही इस सभा में कुछ युवक राजद का झंडा लहराते हुए मंच के पास पहुंचने लगे। मौके पर सुरक्षा बलों ने तुरंत हालात काबू में किए, लेकिन कुछ देर के लिए माहौल गरम हो गया। सभा में मौजूद भाजपा सांसद और स्टार प्रचारक रवि किशन ने इस घटना को ‘जंगलराज की झलक’ बताते हुए कहा कि बिहार की जनता अब ऐसे माहौल को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए के उम्मीदवार जहां-जहां प्रचार कर रहे हैं, वहां विपक्ष के लोग डराने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
रवि किशन ने खुलासा किया कि सोमवार रात नौतन में उनके काफिले पर हमले की कोशिश की गई। उन्होंने कहा, “हमारे साथ उम्मीदवार नारायण प्रसाद थे। सभा में विपक्ष के लोग घुस आए और अफरा-तफरी मचाने की कोशिश की। इससे साफ है कि विपक्ष अपनी हार से बौखला गया है।”
जान से मारने की धमकी
भाजपा सांसद ने कहा कि इस चुनाव में एनडीए को रोकने के लिए विपक्ष अब हिंसा का रास्ता अपना रहा है। उन्होंने बताया कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई है। रवि किशन ने बताया कि एक व्यक्ति को यूपी पुलिस ने गोरखपुर में पकड़ा है, जबकि दूसरे का फोन दिल्ली से आया था। दोनों की जांच चल रही है कि इनके पीछे कौन लोग हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यूपी पुलिस का धन्यवाद देते हुए कहा कि धमकी देने वालों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।
एनडीए प्रत्याशी बोले
सभा में एनडीए प्रत्याशी नारायण प्रसाद ने भी मंच से महागठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर इनकी सरकार आई तो फिर से अपहरण, लूट और भय का दौर लौट आएगा। नौतन विकास और कानून चाहता है, न कि अराजकता। पुलिस ने हमले की बात नकारी, कहा सिर्फ झंडा लेकर घुसे थे कुछ युवक। वहीं, बेतिया पुलिस ने सांसद रवि किशन पर हमले की बात से इनकार किया है। एसडीपीओ रजनीश कांत प्रियदर्शी ने बताया कि सभा में कुछ युवक दूसरी पार्टी का झंडा लेकर आए थे, लेकिन किसी तरह का हमला नहीं हुआ। पुलिस ने तुरंत उन्हें रोक लिया और अब पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बिहार में चुनावी माहौल गरम है और इस तरह की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि पुलिस जांच के बाद क्या सच्चाई सामने आती है।
