भोपाल | जिले में मानसून के चलते खनन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और निराश्रित बच्चों के दस्तावेजीकरण को लेकर प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर कार्यालय के सभागार में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा समीक्षा बैठक में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने संबंधित अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने खनिज विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के कारण खदानों में किसी भी तरह की दुर्घटना न हो, इसके लिए सभी खनन क्षेत्रों की तार फेंसिंग तुरंत कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए खदानों की लगातार निगरानी की जाए ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
साथी अभियान
इसके साथ ही कलेक्टर ने ‘साथी अभियान’ के अंतर्गत निराश्रित बच्चों के आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को शासकीय योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द मिले, इसके लिए तहसीलदारों को उनके जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि समयबद्ध और संतोषजनक समाधान से आम जनता का विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने “समाधान ऑनलाइन” में चिन्हित शिकायतों के भी गहन निपटारे की बात कही।
ये लोग रहे मौजूद
कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, समग्र ई-केवाईसी, पीएम किसान योजना की ई-केवाईसी, फार्मर रजिस्ट्री जैसे कामों में भी गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये सभी योजनाएं सीधे आम नागरिकों से जुड़ी हुई हैं और इनकी प्रगति में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी, एडीएम भूपेंद्र गोयल, प्रकाश नायक, अंकुर मेश्राम सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
