खजराना गणेश मंदिर में गर्भगृह में प्रवेश को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। इस बार बदमाश सतीश भाऊ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह गर्भगृह के अंदर दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो कुछ दिन पुराना है, लेकिन इसके सामने आते ही मंदिर प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। खास बात यह है कि आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है।
वायरल वीडियो में सतीश भाऊ पहले गर्भगृह के बाहर भगवान के दर्शन करते और पूजन करते नजर आते हैं। इसके बाद वह अंदर प्रवेश कर आयोजन का निमंत्रण कार्ड भगवान के चरणों में रखते दिखाई देते हैं। उनके साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। वीडियो में साफ दिख रहा है कि गर्भगृह के भीतर कुछ समय तक वे रुके रहे। यही दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
खजराना गणेश मंदिर
यह पहला मौका नहीं है जब गर्भगृह में प्रवेश को लेकर विवाद सामने आया हो। इससे पहले विधायक गोलू शुक्ला के पुत्र के गर्भगृह में जाने का मामला भी सुर्खियों में रहा था। उस समय भी आम भक्तों ने सवाल उठाए थे कि जब नियम सभी के लिए समान हैं तो कुछ लोगों को विशेष अनुमति क्यों दी जाती है। अब नए वीडियो के सामने आने के बाद फिर से नाराजगी बढ़ गई है।
पुजारी ने दी सफाई
मंदिर के पुजारी पंडित अशोक भट्ट ने बताया कि यह वीडियो 11 फरवरी का है। उनके अनुसार सुरक्षा गार्ड को यह जानकारी नहीं थी कि अंदर जाने वाला व्यक्ति कौन है। सतीश भाऊ ने बताया था कि वह शिवाजी जयंती महोत्सव के निमंत्रण के सिलसिले में आए हैं। इसी आधार पर उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई। हालांकि इस स्पष्टीकरण के बाद भी व्यवस्था को लेकर सवाल बरकरार हैं।
मंदिर प्रबंधन पर उठे सवाल
भक्तों का कहना है कि यदि गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित है तो नियमों का पालन सख्ती से होना चाहिए। सोशल मीडिया पर लोग मंदिर प्रबंधन से जवाब मांग रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन या मंदिर समिति इस मामले में क्या कदम उठाती है।
