, , ,

MP में बदला मौसम का मिजाज, 25 जिलों में बारिश का अलर्ट; कई इलाकों में छाया कोहरा

Author Picture
Published On: 2 February 2026

MP में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। सोमवार सुबह अशोकनगर, आगर-मालवा और टीकमगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही कई जिलों में घना कोहरा भी देखने को मिला। हालांकि, ठंड का असर अब पहले जैसा नहीं रहा और प्रदेश में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।

मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें ग्वालियर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, श्योपुर, मुरैना, भिंड, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली शामिल हैं। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ आंधी की भी संभावना जताई गई है।

कोहरे ने बढ़ाई परेशानी

बारिश के साथ-साथ प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे का असर भी बना हुआ है। दतिया, ग्वालियर, नर्मदापुरम, उज्जैन, खजुराहो, रीवा, सतना, भोपाल, गुना, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, जबलपुर, दमोह और टीकमगढ़ सहित कई जिलों में सुबह के समय दृश्यता काफी कम रही। कुछ स्थानों पर विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर तक सिमट गई, जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार 3 फरवरी को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में बारिश के आसार हैं।

4 फरवरी को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
5 फरवरी से मौसम के साफ रहने की संभावना है, लेकिन ठंड का असर बढ़ सकता है। रविवार को भी प्रदेश में आंधी, बारिश और घने कोहरे का असर देखा गया। ग्वालियर, उज्जैन, धार और मुरैना में रात और सुबह बारिश हुई, जबकि नीमच और मंदसौर में शाम को तेज आंधी के साथ ओले गिरे। कई गांवों में ओलों की वजह से जमीन पर सफेद चादर जैसी स्थिति बन गई।

फसलों पर पड़ सकता है असर

लगातार हो रही बारिश और आंधी के कारण गेहूं की फसलें आड़ी होने लगी हैं। किसानों को फसल नुकसान की आशंका सता रही है। मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp