सिंगरौली में CM की बड़ी घोषणाएं, दीपावली के बाद बहनों को हर माह मिलेंगे 1500 रुपए

Author Picture
Published On: 5 July 2025

सिंगरौली | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सिंगरौली जिले के सरई गांव में आयोजित महिला सशक्तिकरण एवं जनजातीय गौरव सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दीपावली के बाद सभी पात्र लाड़ली बहनों को प्रति माह 1500 रुपए की राशि प्रदान करेगी। इसके साथ ही रक्षाबंधन पर बहनों को 250 रुपए का शगुन भी दिया जाएगा।

डॉ. यादव ने कहा कि बहनों के हाथ में पैसा रहेगा तो घर सशक्त बनेगा। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए 27 हजार करोड़ रुपए से अधिक का बजट प्रावधान किया गया है, जिसमें से 18 हजार करोड़ रुपए लाड़ली बहना योजना के लिए रखे गए हैं।

सिंगरौली को जल्द मिलेगा मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगरौली को शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज की सौगात दी जाएगी। “अगले साल से यहां पढ़-लिखकर डॉक्टर निकलेंगे,” उन्होंने कहा। इसके अलावा माडा अस्पताल को सीएचसी, सरई में 100 बिस्तरों वाला नया अस्पताल, और बरगवा-परसवा में 52 किमी लंबी 4 लेन सड़क निर्माण की भी घोषणा की गई।

503 करोड़ के 54 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास

सरई में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने सिंगरौली को 503 करोड़ 9 लाख रुपए के निर्माण कार्यों की सौगात दी। इसमें से 20 कार्यों का लोकार्पण (104 करोड़ 67 लाख रुपए) और 34 कार्यों का भूमिपूजन (398 करोड़ 42 लाख रुपए) शामिल है। मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज भवन, 11 नई सड़कों, डामरीकरण, आयुष विंग, लोक सेवा केंद्र, स्कूल भवन, और विद्युत सब स्टेशन जैसे कार्यों की आधारशिला रखी। यह कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना समेत विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत किए जा रहे हैं।

जनजातीय समाज के लिए विशेष योजनाएं

डॉ. यादव ने कहा कि सिंगरौली की 39% जनसंख्या अनुसूचित जनजाति समुदाय से है, जिनमें से 5 लाख से अधिक लोग शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। राज्य सरकार बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसे कार्यक्रमों से जनजातीय समाज को सशक्त कर रही है। उन्होंने मंच से जनजातीय समाज के चार हितग्राहियों—महाबली सिंह, शंकर सिंह पनिका, वंश बहादुर सिंह और दयाल सिंह का सम्मान भी किया।

गुरु पूर्णिमा पर होगा राज्यभर में लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु पूर्णिमा (10 जुलाई) को प्रदेशभर के स्कूल-कॉलेज, हॉस्टल एवं बच्चों से जुड़े निर्माण कार्यों का एक साथ लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही साइकिल, ड्रेस और किताबों का वितरण भी किया जाएगा।

महिलाओं को मिल रहा राजनीतिक प्रतिनिधित्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नगरपालिका, नगर निगम एवं पंचायत चुनावों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया है। आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में महिलाओं को 33% आरक्षण मिलेगा। उन्होंने बताया कि 62 लाख बहनों के 5 लाख स्व-सहायता समूहों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। 51 लाख से अधिक लाड़ली बेटियों में से 12.99 लाख को छात्रवृत्ति भी दी गई है।

किसानों और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को श्रीअन्न की खरीद पर 1000 रुपए प्रति क्विंटल, और गेहूं पर 2600 रुपए प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य दिया गया है। उन्होंने बताया कि एयर एम्बुलेंस, शव वाहन सेवा, और अंगदान/देहदान पर राजकीय सम्मान की शुरुआत की गई है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp