इंदौर | मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र में BJP को तगड़ा झटका लगा है। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के गृह क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई है। सांवेर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 7 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस की हसीना बी ने 796 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। कांग्रेस को जहां 913 वोट मिले, वहीं भाजपा को मात्र 117 मत ही हासिल हुए। 14 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया।
कुल 1300 मतदाताओं में से 1044 ने वोटिंग की। कांग्रेस की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व प्रत्याशी रीना बौरासी सेतिया ने कहा कि जनता भाजपा की किसान विरोधी नीतियों और जनसमस्याओं की अनदेखी से नाराज है। यही वजह है कि भाजपा को करारी हार झेलनी पड़ी और उसकी जमानत तक जप्त हो गई।
भाजपा को राहत
दूसरी ओर, गौतमपुरा नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 15 में भी उपचुनाव हुआ, जहां भाजपा को राहत मिली। यहां 617 में से 429 मत प्राप्त कर भाजपा प्रत्याशी शंकर ठेकेदार ने कांग्रेस के रामचंद्र राठौर को 250 वोटों से पराजित किया। कांग्रेस को इस वार्ड में 179 वोट ही मिले। यह वही विधानसभा सीट है, जहां कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी विशाल पटेल भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
जिला प्रशासन के आंकड़े
जिला प्रशासन के मुताबिक, सांवेर में मतदान प्रतिशत 75.32 रहा, जबकि गौतमपुरा में 81.39 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। सांवेर में सुबह 9 बजे तक 123, 11 बजे 445, दोपहर 1 बजे तक 774 और शाम 5 बजे तक 1044 मतदाताओं ने वोट डाले। इनमें 538 पुरुष और 506 महिलाएं शामिल रहीं। गौतमपुरा में सुबह 9 बजे तक 158, दोपहर 1 बजे तक 517 और शाम 5 बजे तक कुल 617 मतदाता वोटिंग में शामिल हुए, जिनमें 314 पुरुष और 303 महिलाएं थीं।
सिलावट का गढ़
सांवेर के वार्ड 7 में कुल 1386 और गौतमपुरा के वार्ड 15 में 758 मतदाता पंजीकृत थे। दोनों उपचुनावों के नतीजों ने क्षेत्रीय राजनीति में नए समीकरणों की झलक दी है। भाजपा के लिए सांवेर में मिली हार निश्चित रूप से चिंता का विषय है, खासकर तब जब यह मंत्री तुलसीराम सिलावट का गढ़ माना जाता है।
