भोपाल | राजधानी भोपाल के कोलार डैम पर रविवार को एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं और दोस्तों की पिकनिक को हमेशा के लिए गम में बदल दिया। चार दोस्त छुट्टी का आनंद लेने यहां पहुंचे थे, लेकिन लौटे सिर्फ दो—वो भी एक को तैरकर अपनी जान बचानी पड़ी और दूसरा सिर्फ देखता रह गया। बाकी दो दोस्त पानी की गहराई में समा गए।
नहाते-नहाते हुआ हादसा
कोलार डैम में रविवार दोपहर चार छात्र नहाने उतरे थे। सबकुछ सामान्य लग रहा था। सभी हंसी-ठिठोली, मस्ती, सेल्फी और पानी की छलांगें। लेकिन तभी तीन छात्र एकाएक गहरे पानी में चले गए। तेज बहाव और गहराई में फंसे छात्र मदद के लिए चिल्लाने लगे। उनमें से एक किसी तरह खुद को संभाल पाया और तैरकर किनारे आ गया। प्रिंस और उज्ज्वल दोनों खुद को नहीं बचा सके। वो डूबते चले गए और फिर दिखाई नहीं दिए।
18 घंटे बाद मिले शव
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। घंटों की तलाश के बाद करीब 11 बजकर 55 मिनट पर दोनों युवकों के शव पानी से बाहर निकाले गए। इन 18 घंटों ने दो परिवारों को पूरी तरह तोड़कर रख दिया।
कौन थे ये छात्र?
मृतकों में एक छात्र था 22 साल का प्रिंस राजपूत, जो बिहार का रहने वाला था और भोपाल के एमपी नगर इलाके में किराए पर रहकर बी.फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। दूसरा था 20 वर्षीय उज्ज्वल त्रिपाठी, जो छतरपुर से आया था और अशोका गार्डन में कमरा लेकर पढ़ाई करता था। दोनों अलग-अलग निजी कॉलेजों के छात्र थे, लेकिन दोस्ती में एक थे।
वीडियो भी आया सामने
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोस्तों की चीखें, भागदौड़ और पानी में हाथ-पांव मारते युवकों की हलचल देखी जा सकती है। वीडियो ने इस हादसे को और भी ज्यादा भावुक और झकझोर देने वाला बना दिया है।
टीआई ने दी जानकारी
बिलकिसगंज थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव उनके गृह जिलों के लिए रवाना किए जाएंगे। एक शव को बिहार भेजा जा रहा है, दूसरा छतरपुर।
