भोपाल | MP के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को स्पेन के गैलिसिया में इंडिटेक्स के मुख्य दफ्तर में हुई मुलाकात में मध्यप्रदेश को दुनिया के कपड़ा उद्योग के लिए एक हरित, सस्ता और पारदर्शी उत्पादन केंद्र के रूप में पेश किया। यह बैठक स्पेन दौरे के दूसरे दिन हुई, जहां उन्होंने फैशन और कपड़ा उद्योग से जुड़े बड़े नामों से निवेश पर बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कपड़ा उद्योग में बड़े ब्रांड्स के साथ काम करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने भरोसा जताया कि इंडिटेक्स जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के आने से प्रदेश में रोजगार बढ़ेगा, कारोबार को रफ्तार मिलेगी और साफ-सुथरे उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
टेक्सटाइल के लिए उपयुक्त है MP
डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश देश के बड़े कपास पैदा करने वाले राज्यों में से एक है। यहां हर साल करीब 18 लाख बेल (करीब 3 लाख मीट्रिक टन) कपास पैदा होता है। इंदौर, मंदसौर, बुरहानपुर, उज्जैन और नीमच जैसे शहरों में टेक्सटाइल यूनिटें अच्छी तादाद में चल रही हैं।
पीएम मित्रा पार्क में निवेश का न्योता
मुख्यमंत्री ने बताया कि धार जिले में भारत सरकार की पीएम मित्रा योजना के तहत बन रहा टेक्सटाइल मेगा पार्क इंडिटेक्स जैसे ब्रांड्स के लिए टिकाऊ और आधुनिक उत्पादन का बेहतर ठिकाना बन सकता है। उन्होंने इस पार्क में कपड़ा निर्माण की यूनिट लगाने का प्रस्ताव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश में ऑर्गेनिक कपास उगाने में सबसे आगे है, खासकर निमाड़ और मालवा क्षेत्र में। यहां कई किसान समूह हैं, जिन्हें GOTS का प्रमाण मिला हुआ है। ये समूह इंडिटेक्स की टिकाऊ और पारदर्शी नीतियों के लिए अच्छे भागीदार बन सकते हैं। उन्होंने खेत से लेकर कपड़े तक की पूरी प्रक्रिया में साथ काम करने की बात कही।
वैश्विक संवाद 2025
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की स्पेन यात्रा का दूसरा दिन
💠विश्व प्रसिद्ध फैशन कंपनी इंडिटेक्स मुख्यालय का भ्रमण
💠इंडिटेक्स के प्रतिनिधियों से व्यापारिक संभावनाओं पर चर्चा
💠ला कोरुन्या सिटी टूर📍बार्सिलोना
🗓️17 जुलाई, 2025@DrMohanYadav51… pic.twitter.com/yXptMErAle— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) July 17, 2025
बेहतर मानकों में समान सोच
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार पर्यावरण, सामाजिक जिम्मेदारी और पारदर्शिता जैसे पहलुओं पर गंभीरता से काम कर रही है। राज्य में वॉटर रिसायक्लिंग, कचरा प्रबंधन और काम की अच्छी शर्तों जैसे नियम पहले से लागू हैं, जो इंडिटेक्स की नीति से मेल खाते हैं।
डॉ. यादव ने बताया कि राज्य से हर साल 7,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कपड़ा और रेडीमेड वस्त्र दूसरे देशों में भेजा जाता है। यूरोपीय बाजार इसमें सबसे बड़ा हिस्सा रखता है। उन्होंने कहा कि इंडिटेक्स जैसी कंपनियों के साथ जुड़ने से यह आंकड़ा 10,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है और प्रदेश में खासकर महिलाओं को रोजगार के मौके मिलेंगे।
सरकारी मदद और सुविधा का भरोसा
मुख्यमंत्री ने राज्य की नई उद्योग और निर्यात नीति 2025 की जानकारी दी, जिसमें ज़मीन पर 90% तक की छूट, मशीनों पर 40% मदद, हरे टेक्नोलॉजी पर 50% सहयोग और बैंक कर्ज पर ब्याज में राहत जैसे प्रावधान शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने इंडिटेक्स को पीएम मित्रा पार्क में सप्लाई चेन का मुख्य हिस्सा बनने का न्योता दिया। साथ ही उन्होंने ऑर्गेनिक कॉटन की पहचान करने वाला डिजिटल प्लेटफॉर्म और प्रमाणित MSME इकाइयों के साथ एक नया वेंडर डेवलपमेंट कार्यक्रम शुरू करने का सुझाव दिया। स्पेन की इंडिटेक्स दुनिया की सबसे बड़ी फैशन कंपनियों में से एक है। इसके ज़ारा, मैसिमो दुत्ती, बेरशका और बुल एंड बीयर जैसे ब्रांड्स दुनियाभर में मशहूर हैं। भारत में यह टाटा समूह के साथ मिलकर कारोबार कर रही है।
