भोपाल | राजधानी भोपाल के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल एमपी नगर में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। तेज बारिश के बीच बोर्ड ऑफिस से एमपी नगर की ओर जाने वाली मुख्य सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया। घटना करीब एक बजे हुई, जब सड़क किनारे करीब 8 फीट गहरा और 10 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क पर कोई वाहन नहीं था, वरना जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
हादसे के बाद इस प्रमुख मार्ग पर ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलने पर एमपी नगर एसडीएम एल.के. खरे मौके पर पहुंचे और तुरंत गड्ढे के चारों ओर बेरिकेडिंग कराई गई।
सड़क धंसी, सियासत गरमाई
सड़क धंसने की घटना ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया मौके पर पहुंचे और गड्ढे के किनारे धरने पर बैठ गए। उन्होंने इसे पीडब्ल्यूडी विभाग की घोर लापरवाही और भ्रष्टाचार का नतीजा बताया। बरोलिया ने कहा, “अगर कोई गाड़ी इस गड्ढे में गिरती, तो पूरा परिवार हादसे का शिकार हो सकता था।”
मुख्यमंत्री जी,
भोपाल में आपकी #PWD ने फिर “गौरव-पथ” से रूबरू करवा दिया है! यह गड्ढा भी 08 फीट का है! प्रगति की इस गति से प्रदेश स्तब्ध है!@DrMohanYadav51 pic.twitter.com/jjqr6VczqA— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) July 17, 2025
उन्होंने पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह पर निशाना साधते हुए कहा, “वो कहते हैं कि जब तक सड़क है, तब तक गड्ढे रहेंगे। यहां आकर देखें कि यह कितना बड़ा भ्रष्टाचार है।” उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
23 साल पुरानी सड़क
एसडीएम खरे ने बताया कि ज्योति टॉकीज के सामने पुराने फुटपाथ के नीचे एक नाला है, जिसकी मिट्टी खिसकने से यह दुर्घटना हुई। यह सड़क साल 2002 में राजधानी विकास परियोजना (सीपीए) द्वारा पीडब्ल्यूडी को सौंपी गई थी और तब से इसका रखरखाव डिवीजन नंबर-2 द्वारा किया जा रहा है।
रिपेयर कार्य शुरू
एसडीएम के मुताबिक, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से बातचीत के बाद मरम्मत कार्य तुरंत शुरू करवा दिया गया है। ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
कांग्रेस नेताओं ने गड्ढे में उतरकर किया प्रदर्शन
कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला समेत अन्य कार्यकर्ता गड्ढे में उतर गए और पूजा-पाठ कर प्रदर्शन किया। शुक्ला ने कहा कि यह घटना पीडब्ल्यूडी में भ्रष्टाचार का प्रतीक है और दोषियों को निलंबित कर नुकसान की भरपाई उनसे की जानी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर सरकार को घेरा और लिखा, “ये गड्ढा नहीं, विकास की असलियत है।”
