हरियाली तीज पर पाएं दमकती त्वचा, वो भी बिना पार्लर जाए; ट्राई करें ये 5 घरेलू फेस पैक

Author Picture
Published On: 23 July 2025

लाइफस्टाइल | हरियाली तीज हिंदू धर्म में महिलाओं के लिए एक विशेष पर्व होता है, जो सौंदर्य, प्रेम और समर्पण का प्रतीक माना जाता है। यह त्योहार मुख्य रूप से सावन के महीने में शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है, और इस वर्ष यह 27 जुलाई 2025, रविवार को आ रहा है। इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखद वैवाहिक जीवन के लिए व्रत रखती हैं, जबकि कुंवारी कन्याएं अच्छा वर पाने की कामना करती हैं। पारंपरिक परिधान, मेहंदी, गीत-संगीत और झूला झूलने की परंपरा इस त्योहार को बेहद खास बना देती है। इस शुभ अवसर के लिए महिलाओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बाजारों में चूड़ियों, मेहंदी और हरे परिधानों की रौनक देखते ही बन रही है।

हरियाली तीज के दिन महिलाएं पारंपरिकता और आधुनिकता का खूबसूरत मेल दिखाती हैं। हरे रंग की साड़ी या लहंगा, कांच की चूड़ियां, झिलमिलाती बिंदियां, गजरा और आकर्षक मेकअप से वे खुद को खास अंदाज में सजाती हैं।

अपनाएं घरेलू फेस पैक

हरियाली तीज जैसे खास त्योहार पर खूबसूरत दिखने की चाहत हर महिला की होती है। आमतौर पर महिलाएं इस मौके पर पार्लर जाकर स्किन केयर कराना पसंद करती हैं, लेकिन समय या अन्य कारणों से ऐसा हमेशा संभव नहीं हो पाता। ऐसे में आप घर पर ही कुछ आसान और असरदार घरेलू उपाय अपना सकती हैं। यहां हम आपको ऐसे फेस पैक्स के बारे में बता रहे हैं जिन्हें घर पर बनाना बेहद आसान है।

ये फेस पैक न केवल त्वचा को चमकदार और मुलायम बनाएंगे, बल्कि उसे गहराई से पोषण भी देंगे। इन प्राकृतिक फेस पैक्स का नियमित इस्तेमाल त्योहार के दिन आपको देगा निखरी, दमकती और ताजगी से भरी त्वचा, जिससे आप हर नजर में खास नजर आएंगी।

बेसन और हल्दी फेस पैक

बेसन और हल्दी का फेस पैक एक देसी नुस्खा है, जो त्वचा को निखारने और ऑयल नियंत्रण का काम करता है, हरियाली तीज जैसे खास अवसर पर खूबसूरत दिखने के लिए महिलाएं पार्लर जाना चाहती हैं, लेकिन समय की कमी के चलते घर पर ही घरेलू उपाय आज़माना बेहतर होता है। ऐसे में बेसन और हल्दी से बना फेस पैक आपकी त्वचा को प्राकृतिक रूप से निखार सकता है। इस पैक को तैयार करने के लिए 2 चम्मच बेसन, 1 चुटकी हल्दी और 1 चम्मच दही या गुलाब जल लें और अच्छी तरह मिलाकर पेस्ट बना लें। इस मिश्रण को चेहरे और गर्दन पर ब्रश से लगाएं और 20 मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लें। यह फेस पैक टैनिंग हटाने के साथ-साथ त्वचा को नैचुरल ग्लो भी देता है।

चंदन और गुलाब जल फेस पैक

चंदन और गुलाब जल से बना फेस पैक गर्मी के मौसम में त्वचा को ठंडक देने और चेहरे की रंगत निखारने के लिए बेहद फायदेमंद होता है। इस पैक को तैयार करने के लिए 1 चम्मच चंदन पाउडर में 1-2 चम्मच गुलाब जल मिलाकर एक स्मूद पेस्ट बनाएं। फिर इस पेस्ट को चेहरे पर ब्रश की मदद से लगाएं और करीब 15 मिनट तक सूखने दें। इसके बाद चेहरे को ठंडे पानी से धो लें। यह पैक न केवल त्वचा को ताजगी और शांति देता है, बल्कि इसके नियमित उपयोग से चेहरा साफ और दमकता हुआ नजर आता है।

एलोवेरा जेल और मुल्तानी मिट्टी फेस पैक

अगर आप अपनी स्किन पर नेचुरल ग्लो लाना चाहती हैं, तो एलोवेरा जेल और मुल्तानी मिट्टी से बना यह फेस पैक एक बेहतरीन उपाय है। इसके लिए 2-2 चम्मच मुल्तानी मिट्टी और एलोवेरा जेल को अच्छे से मिलाकर एक स्मूद पेस्ट तैयार करें। अब इस पेस्ट को अपने साफ चेहरे पर समान रूप से लगाएं और 15-20 मिनट तक सूखने दें। इसके बाद हल्के गुनगुने पानी से चेहरा धो लें। यह पैक आपकी त्वचा की गहराई से सफाई करता है, तेलीयता कम करता है और चेहरे पर प्राकृतिक चमक लाता है।

कच्चा दूध और हल्दी फेस पैक

अगर आप चेहरे पर नेचुरल ग्लो और नमी चाहते हैं तो कच्चा दूध और हल्दी का फेस पैक एक बेहतरीन घरेलू उपाय है। यह फेस पैक त्वचा को गहराई से साफ करने के साथ-साथ उसे पोषण भी देता है। इसे बनाने के लिए 3 चम्मच कच्चा दूध लें और उसमें 1 चम्मच हल्दी पाउडर मिलाएं। इस मिश्रण को चेहरे पर समान रूप से लगाएं और 20 मिनट तक सूखने दें। फिर गुनगुने पानी से चेहरा धो लें। यह फेस पैक त्वचा की रंगत निखारता है, दाग-धब्बों को हल्का करता है और स्किन को मुलायम बनाता है।

एलोवेरा और शहद फेस पैक

हरियाली तीज जैसे खास मौके पर खूबसूरत और दमकती त्वचा पाने के लिए महिलाएं पार्लर जाने के बजाय घर पर ही एलोवेरा और शहद से बना प्राकृतिक फेस पैक आजमा सकती हैं। इस पैक को तैयार करने के लिए 1 चम्मच एलोवेरा जेल और 1 चम्मच शहद को अच्छी तरह मिलाकर चेहरे पर लगाया जाता है। 20 मिनट बाद हल्के गुनगुने पानी से चेहरा धो लें। यह फेस पैक त्वचा को गहराई से हाइड्रेट करता है और उसे मुलायम बनाता है। खास बात यह है कि इसे हफ्ते में तीन बार इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे त्वचा में निखार और कोमलता बनी रहती है।

डिस्केलमर: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं विभिन्न माध्यमों पर आधारित हैं. MPNews इनकी पुष्टि नहीं करता है.

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp