भोपाल | मध्यप्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमाने वाली है। विधानसभा सत्र की पूर्व संध्या पर कांग्रेस ने अपनी रणनीति तय करने के लिए सभी विधायकों की बैठक बुलाई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की अगुवाई में यह बैठक 27 जुलाई को राजधानी भोपाल स्थित होटल पलाश में शाम 7:30 बजे होगी। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के लिए पार्टी की भूमिका और तेवर तय किए जाएंगे।
रणनीति पर मंथन
कांग्रेस विधायक दल की इस बैठक में उस रणनीति पर मंथन होगा, जिसके तहत सत्र के दौरान सरकार को जनता से जुड़े मुद्दों पर कठघरे में खड़ा किया जाएगा। बताया जा रहा है कि मांडू में हाल ही में सम्पन्न हुए नव संकल्प शिविर में जो प्रमुख जनहित के मुद्दे उठे थे, उन्हें विधानसभा में प्राथमिकता से उठाने पर जोर रहेगा। इन मुद्दों में किसान संकट, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, महंगाई, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, और शिक्षा क्षेत्र की अव्यवस्थाएं प्रमुख हैं।
जनविरोधी फैसले ले रही सरकार
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का कहना है कि प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार जनविरोधी फैसले ले रही है और कई योजनाएं केवल कागजों पर सजी हैं। इन नीतियों की पोल खोलने और सरकार को जिम्मेदार ठहराने का समय अब आ गया है। उन्होंने साफ किया कि विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों से राय लेकर सत्र में धारदार तरीके से मुद्दे उठाए जाएंगे।
तय होगी जिम्मेदारी
इस बैठक के ज़रिए कांग्रेस संगठन अपने विधायकों को सत्र के लिए एकजुट करेगा और उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी कि वे अपने क्षेत्रों से जुड़े जनसरोकार के मुद्दों को पुरज़ोर तरीके से उठाएं। साथ ही, पार्टी इस बात पर भी विचार करेगी कि कैसे विधानसभा सत्र को जनता की आवाज़ बनाने का प्लेटफॉर्म बनाया जाए।
