,

ग्वालियर के रेशमपुरा में सड़क बनी अखाड़ा, लाठियों के साथ आपस में भिड़ीं महिलाएं; जांच में जुटी पुलिस

Author Picture
Published On: 26 July 2025

ग्वालियर | रेशमपुरा इलाके में शनिवार सुबह का एक वायरल वीडियो शहर में सनसनी का कारण बन गया। सोशल मीडिया पर तेजी से फैलते इस वीडियो में देखा गया कि दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी अचानक हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गई। यह घटना उस क्षेत्र की है जिसे ग्वालियर का रेड लाइट एरिया कहा जाता है।

वीडियो में दिख रहा है कि बहसबाज़ी की शुरुआत एक पक्ष की ललकार से हुई, “आ जा अगर दम है तो!” जवाब में दूसरे पक्ष से पलटकर आया, “तू ही आ जा!” और फिर जो हुआ वह किसी सड़क पर हुई खुली जंग से कम नहीं था। लाठी-डंडों से लैस लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े। इस हिंसा में महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। वीडियो में साफ दिखता है कि महिलाएं भी डंडे लिए एक-दूसरे पर हमला करती नजर आईं।

शुरू हुई जांच

जैसे ही यह वीडियो पुलिस के अधिकारियों तक पहुंचा, तुरंत संज्ञान लिया गया और जांच के आदेश दिए गए। शुरुआती जांच में यह घटना ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के रेशमपुरा मोहल्ले की पाई गई। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग काफी देर तक दहशत में रहे।

थाना प्रभारी संतोष यादव ने बताया कि झगड़ा मामूली विवाद से शुरू हुआ था, लेकिन बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों ने खुलेआम लाठियों से हमला कर दिया। पुलिस ने अब तक अमन और राकेश कुमार नाम के दो मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली है। हालांकि जब पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए मौके पर पहुंची, तो वे फरार मिले।

आरोपी फरार

वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस अन्य शामिल लोगों की भी पहचान कर रही है। रेशमपुरा में फिलहाल पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न बने। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब इस इलाके में इस तरह की हिंसक झड़प हुई हो। रेशमपुरा और बदनापुरा में समय-समय पर ऐसी घटनाएं सामने आती रही हैं, जिनमें अक्सर महिलाओं की भागीदारी भी देखी जाती है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp