उज्जैन | मध्य प्रदेश के उज्जैन की एक होनहार युवती जिया मिर्जा की जिंदगी का सफर एक भयानक सड़क हादसे में थम गया। 22 वर्षीय जिया, जो मुंबई से लॉ की पढ़ाई कर रही थी और छुट्टियों में अपने घर उज्जैन आई थी, शनिवार देर रात एक कार हादसे का शिकार हो गई। यह हादसा शाजापुर जिले के तनोड़िया गांव के पास हुआ, जहां उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरी। हादसे में जिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी चला रहा युवक सोहेल गंभीर रूप से घायल है।
छुट्टियों में आई थी घर
जिया मिर्जा उज्जैन के तारामंडल क्षेत्र स्थित हरिओम विहार की रहने वाली थीं। वह मुंबई में कानून की पढ़ाई कर रही थीं और इन दिनों छुट्टियों पर उज्जैन आई थीं। शनिवार की रात वह अपने करीबी दोस्त सोहेल के साथ कार में कहीं बाहर घूमने गई थीं। रात लगभग 1:30 बजे जब वे लौट रहे थे, तभी शाजापुर जिले के तनोड़िया के पास उनकी क्रेटा कार (MP13-CB-9577) अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी।
एयरबैग खुले लेकिन जान नहीं बची
हादसे की भयावहता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुले, लेकिन इसके बावजूद जिया की जान नहीं बच सकी। दुर्घटना स्थल से ही उसकी मौत की पुष्टि कर दी गई, वहीं सोहेल को गंभीर हालत में उज्जैन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर में पसरा मातम
जिया की असमय मौत से उज्जैन में मातम का माहौल है। उसकी पढ़ाई और व्यक्तित्व को जानने वाले लोग स्तब्ध हैं कि एक होनहार लड़की की जिंदगी इस तरह खत्म हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया गया। जिया का पोस्टमॉर्टम उज्जैन जिला अस्पताल में किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि कार चालक को नींद की झपकी आई होगी, जिससे वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया।
