शुभ संयोग से खास बनी इस बार की हरियाली तीज, महिलाओं को मिलेगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

Author Picture
Published On: 27 July 2025

ज्योतिष | धार्मिक मान्यता और ज्योतिषीय गणना के अनुसार, इस वर्ष की हरियाली तीज अत्यंत विशेष रहने वाली है। इस बार सावन शुक्ल तृतीया पर दो अत्यंत शुभ योग “महालक्ष्मी राजयोग” और “रवि योग” का संगम हो रहा है। इन शुभ योगों के प्रभाव से मेष, मिथुन और सिंह राशि की महिलाओं के लिए यह पर्व अत्यंत लाभकारी और शुभ फल देने वाला रहेगा। हरियाली तीज, जो नारी सशक्तिकरण, सौभाग्य और दांपत्य प्रेम का प्रतीक मानी जाती है, ऐसे अद्भुत संयोग के कारण इस बार और भी महत्वपूर्ण हो गई है।

आज श्रावण शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि है, जो रात 10 बजकर 43 मिनट तक रहेगी। खास बात यह है कि आज हरियाली तीज का पर्व भी मनाया जा रहा है, जो विशेष रूप से महिलाओं के लिए व्रत और श्रृंगार का अहम दिन माना जाता है।

हरियाली तीज का धार्मिक महत्व

यह व्रत मुख्य रूप से विवाहित महिलाओं द्वारा अपने पति की लंबी आयु और अविवाहित कन्याओं द्वारा मनचाहे वर की प्राप्ति के लिए रखा जाता है। हालांकि, इस बार ज्योतिषीय दृष्टिकोण से यह दिन बेहद खास माना जा रहा है। ज्योतिषाचार्या और टैरो कार्ड रीडर नीतिका शर्मा के अनुसार, इस बार दो अत्यंत शुभ योगों का संगम बन रहा है, जिससे इसका महत्व और बढ़ गया है इसे श्रावणी तीज भी कहा जाता है क्योंकि यह श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को आती है। यह पर्व विशेष रूप से विवाहित महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण है, जो इस दिन अपने पति की लंबी उम्र और वैवाहिक सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखती हैं।

तिथि और शुभ मुहूर्त

इस वर्ष हरियाली तीज का पर्व श्रावण शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्या नीतिका शर्मा के अनुसार, यह तिथि 26 जुलाई की रात 10:41 बजे से शुरू होकर 27 जुलाई की रात 10:41 बजे तक रहेगी। चूंकि हिन्दू पंचांग के अनुसार व्रत और पर्व उदया तिथि के आधार पर मनाए जाते हैं, इसलिए हरियाली तीज का व्रत 27 जुलाई को ही रखा जाएगा।

इस वर्ष हरियाली तीज (27 जुलाई 2025) पर दो बेहद शुभ योग बन रहे हैं, जिनसे इसका महत्व और भी बढ़ गया है। ये योग हैं:

रवि योग

इस वर्ष हरियाली तीज पर 27 जुलाई शाम 4:23 बजे से लेकर 28 जुलाई सुबह 5:40 बजे तक ‘रवि योग’ बन रहा है। यह योग ज्योतिष के अनुसार पूजा-पाठ, व्रत और दान के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इस शुभ समय में महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती की विशेष पूजा कर अखंड सौभाग्य और सुखमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद प्राप्त कर सकती हैं।

महालक्ष्मी राजयोग

इस वर्ष हरियाली तीज के अवसर पर एक अत्यंत शुभ योग का निर्माण हो रहा है, जिसे महालक्ष्मी राजयोग कहा जाता है। 26 जुलाई 2025 को दोपहर 3:51 बजे चंद्रमा का गोचर सिंह राशि में होगा, जहां पहले से स्थित मंगल ग्रह के साथ इसकी युति बनेगी। चंद्रमा और मंगल की यह युति महालक्ष्मी राजयोग का निर्माण करेगी, जो विशेष रूप से धन, समृद्धि, ऐश्वर्य और सफलता देने वाला योग माना जाता है। ज्योतिषीय मान्यता है कि इस योग के प्रभाव से व्रत रखने वाली महिलाओं और पूजा करने वाले श्रद्धालुओं को अत्यधिक शुभ फल प्राप्त होते हैं। यह समय संपत्ति प्राप्ति, आर्थिक वृद्धि और परिवार में सुख-शांति के लिए उत्तम माना गया है।

“इन शुभ योगों का विशेष प्रभाव मेष, मिथुन और सिंह राशि की महिलाओं पर रहेगा, जिसके कारण यह पर्व उनके लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।”

मेष राशि

मेष राशि की महिलाओं के लिए इस वर्ष की हरियाली तीज बेहद शुभ संयोग लेकर आई है। विशेषकर अविवाहित कन्याओं को विवाह के अच्छे प्रस्ताव मिलने की संभावना है, वहीं जो विवाह में बाधाओं का सामना कर रही हैं, उनके लिए भगवान शिव और माता पार्वती की कृपा से रुकावटें दूर हो सकती हैं। इस समय मंगल की मजबूत स्थिति आपके आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली है, जिससे आप अपने विचारों को खुलकर व्यक्त कर पाएंगी। जो महिलाएं नया व्यवसाय शुरू करना चाहती हैं या किसी साझेदारी में काम करने की योजना बना रही हैं, उनके लिए यह समय अत्यंत अनुकूल है।

मिथुन राशि

मिथुन राशि की महिलाओं के लिए यह हरियाली तीज संबंधों में मधुरता और आर्थिक उन्नति लेकर आएगी। वैवाहिक जीवन में यदि कोई तनाव या गलतफहमी है, तो वह दूर हो सकती है और आपसी विश्वास मजबूत होगा। मानसिक स्थिति में सुधार आने से आत्मबल बढ़ेगा और आप जीवन के प्रति अधिक सकारात्मक महसूस करेंगी। पुराने निवेश से लाभ या अचानक धन प्राप्ति के योग हैं, जिससे आर्थिक स्थिरता आएगी। जीवनशैली में आराम और भौतिक सुख-सुविधाएं बढ़ने की संभावना है। विशेषकर जो महिलाएं फैशन, ब्यूटी या रचनात्मक क्षेत्र में कार्यरत हैं, उन्हें व्यवसायिक उन्नति और नए अवसर प्राप्त हो सकते हैं।

सिंह राशि

सिंह राशि की महिलाओं के लिए इस बार की तीज बेहद शुभ फल देने वाली साबित हो सकती है। इस समय चंद्रमा और मंगल की युति आपके आत्मविश्वास और आकर्षण को बढ़ा रही है, जिससे पारिवारिक और सामाजिक जीवन में आपकी भूमिका मजबूत होगी। करियर में बदलाव या नई नौकरी की तलाश कर रही महिलाओं को सकारात्मक अवसर प्राप्त हो सकते हैं। अविवाहित महिलाओं को विवाह के अच्छे प्रस्ताव मिल सकते हैं और योग्य जीवनसाथी मिलने की संभावना अधिक रहेगी। वहीं, विवाहित महिलाओं के लिए दांपत्य जीवन में प्रेम और सहयोग का भाव बढ़ेगा, जिससे वैवाहिक संबंध और संतुलित रहेंगे। समाज में मान-सम्मान और प्रतिष्ठा भी बढ़ने की संभावना है।

डिस्केलमर: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं विभिन्न माध्यमों/ ज्योतिषियों/ पंचांग/ प्रवचनों/ मान्यताओं/ धर्मग्रंथों पर आधारित हैं. MPNews इनकी पुष्टि नहीं करता है.

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp