इंदौर | देश का सबसे स्वच्छ शहर अब एक और अनूठी पहल का गवाह बनने जा रहा है। इंदौर के शेरेटन ग्रैंड पैलेस में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक “कूल कॉन्क्लेव 2.0” का आयोजन किया जाएगा, जो कि हीटिंग, वेंटिलेशन, एयर कंडीशनिंग और रेफ्रिजरेशन (HVAC&R) के क्षेत्र में देश का पहला और सबसे बड़ा कार्बन-न्यूट्रल कार्यक्रम होगा।
भव्य आयोजन
इस भव्य आयोजन की मेजबानी इंडियन सोसायटी ऑफ हीटिंग, रेफ्रिजरेटिंग एंड एयर कंडीशनिंग इंजीनियर्स (ISHRAE) द्वारा की जा रही है। ISHRAE के इंदौर चैप्टर अध्यक्ष अंकुश झंवर के मुताबिक, कॉन्क्लेव का उद्देश्य सस्टेनेबल तकनीकों, ऊर्जा दक्षता और नेट जीरो मिशन के प्रति प्रतिबद्धता को बढ़ावा देना है। आयोजन में उपयोग हो रही हर इकाई बिजली, ईंधन, भोजन, कपड़े और यात्रा का कार्बन इमिशन ऑडिट किया जाएगा, ताकि इसका पर्यावरणीय प्रभाव न्यूनतम हो।
सीएम होंगे मुख्य अतिथि
कॉन्क्लेव में प्रमुख सरकारी और राजनीतिक हस्तियों की भागीदारी भी संभावित है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया है। उद्घाटन सत्र में मेयर पुष्यमित्र भार्गव मौजूद रहेंगे, वहीं दूसरे दिन शहरी विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और समापन पर सांसद शंकर लालवानी एवं खेल मंत्री विश्वास सारंग विशेष अतिथि रहेंगे।
विचार किए जाएंगे शेयर
ISHRAE के सचिव मनीषराज त्रिपाठी ने बताया कि इस तीन दिवसीय आयोजन में इनडोर एयर क्वालिटी, स्मार्ट बिल्डिंग्स, सस्टेनेबल हॉस्पिटैलिटी, भविष्य की कूलिंग तकनीक, और रेफ्रिजरेंट्स के विकास जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के विचार शेयर किए जाएंगे।
कॉन्क्लेव के चेयरपर्सन पंकज धारकर और को-चेयरपर्सन निशांत गुप्ता ने बताया कि इंदौर की लगातार स्वच्छता में बनी श्रेष्ठता के कारण इसे आयोजन स्थल के रूप में चुना गया है। जयपुर में पहले संस्करण की सफलता के बाद, अब इंदौर में दूसरे संस्करण को और व्यापक स्वरूप देने की तैयारी है।
मुख्य कार्यक्रम
- 90+ विशेषज्ञ वक्ता
- 200 से अधिक B2B मुलाकातें
- 1400+ प्रतिभागी
- 250 बड़े डिसीजन मेकर्स
- 11+ डिकर्बोनाइजेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड
- लो कार्बन फूड, नेटवर्किंग सेशन्स, कल्चरल नाइट और प्रेरक भाषण
