जबलपुर | मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम कसते हुए क्राइम ब्रांच और ओमती थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान में एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पवन पटेल निवासी शारदा चौक अन्ना मोहल्ला थाना गढ़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने उससे कुल 11 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपए आंकी गई है।
CCTV फुटेज बना सुराग
इस कार्रवाई की शुरुआत 21 जुलाई को हुई, जब एमपीईबी मिशन कंपाउंड निवासी अनिल ने अपनी बाइक चोरी की शिकायत थाना ओमती में दर्ज कराई थी। प्रकरण अपराध क्रमांक 384/2025 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज हुआ। जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई, जिनमें एक युवक संदिग्ध गतिविधियों के साथ बाइक चुराते हुए दिखाई दिया।
ऐसे खुली पोल
सूचना मिली कि गोरखपुर स्थित स्नेह निकेतन छात्रावास के पास एक युवक कम दाम में बाइक बेचने की कोशिश कर रहा है। इसी सूचना पर हरकत में आई क्राइम ब्रांच और ओमती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया।पूछताछ में पवन पटेल ने खुलासा किया कि वह मास्टर चाबी से अलग-अलग जगहों से बाइक चोरी करता था और उन्हें स्नेह निकेतन छात्रावास के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखता था। वह ग्रामीण और शहरी इलाकों से बाइकों को निशाना बनाता था।
दोपहिया वाहन शामिल
- स्प्लेंडर (सिविल लाइन)
- ड्रीम योगा (ग्वारी घाट)
- एचएफ डीलक्स (पनागर)
- ग्लैमर (खितौला)
- एक्टिवा व पैशन प्रो (कटनी)
- होंडा साइन व एचएफ डीलक्स (सिवनी)
- होंडा साइन (नरसिंहपुर)
- बुलेट (नागपुर, महाराष्ट्र)
साथियों की तलाश जारी
नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी और डीएसपी (अपराध) उदयभान बागरी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई की पुष्टि एएसपी पल्लवी शुक्ला ने की। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है, जिनके जरिए चोरी का यह नेटवर्क संभवतः कई जिलों तक फैला हुआ है।
