, ,

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का सरकार पर हमला, “MP में घोषणाओं की सरकार, हिसाब देने को कोई तैयार नहीं”

Author Picture
Published On: 29 July 2025

भोपाल | पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक बार फिर मौजूदा शिवराज-मोहन सरकार पर तीखा हमला बोला है। मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने सरकार को “घोषणाओं की फैक्ट्री” करार दिया। कमलनाथ ने कहा कि यदि केवल घोषणाएं और आश्वासन देने के लिए पुरस्कार दिए जाते, तो मध्यप्रदेश सरकार को पहला नंबर मिलता। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर जनता को सिर्फ “सब मिलेगा” कहकर बहला रही है, लेकिन नतीजा कहीं दिख नहीं रहा।

कमलनाथ ने मौजूदा सत्र में सरकार की कार्यशैली को पूरी तरह से दिशाहीन और अस्थिर बताया। उन्होंने कहा, “हर मुद्दे पर सरकार का एक ही जवाब है आश्वासन, लेकिन आज जनता पूछ रही है कि आखिर वो वादे कब पूरे होंगे, जो वर्षों से किए जा रहे हैं?” उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर शिवराज सिंह चौहान और मोहन यादव द्वारा अब तक कितनी घोषणाएं की गई हैं और उनमें से कितनी ज़मीन पर उतरी हैं। उन्होंने कहा, “जवाब देने कोई तैयार नहीं है।”

OBC आरक्षण पर बोले कमलनाथ

कमलनाथ ने ओबीसी आरक्षण के मुद्दे को लेकर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने साफ कहा कि यह केवल पिछड़ा वर्ग का मामला नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का गंभीर सवाल है। हम इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं, न्याय और समानता के नजरिए से देखते हैं। कांग्रेस इस मुद्दे को केवल विधानसभा तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि सड़क से सदन तक आवाज बुलंद करती रहेगी।

मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा हाल ही में ओबीसी आरक्षण पर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कमलनाथ ने कहा, “मैंने जब आरक्षण को लेकर पहल की थी, तो सबके सामने की थी। आज जो हो रहा है, वो आधा अधूरा कानून और बयानबाजी है। इसमें कोई ठोस नीति नहीं दिखती।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में बहस से भागना और हर सवाल पर गोलमोल जवाब देना इस बात का संकेत है कि सरकार केवल दिखावे में व्यस्त है। जनता अब समझ चुकी है कि असल काम किसने किया और कौन सिर्फ बातों से काम चला रहा है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp