भोपाल | राजधानी भोपाल के कुख्यात ड्रग्स तस्कर शारिक मछली और उसके पूरे नेटवर्क पर अब प्रशासन का शिकंजा कस गया है। बुधवार सुबह राजधानी के अनंतपुरा कोकता इलाके में सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाए गए फार्म हाउस, वेयरहाउस, फैक्ट्री और मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया ने किया, जहां करीब 15 जेसीबी मशीनों के जरिए अतिक्रमण हटाया गया।
बताया जा रहा है कि जिस जमीन पर अवैध निर्माण किया गया था, उसकी बाजार कीमत लगभग 100 करोड़ रुपये है। यह पूरा इलाका शारिक मछली और उसके परिजनों का ठिकाना बना हुआ था, जो अपराध और नशे के कारोबार की परछाईं में फल-फूल रहा था।
‘लव जिहादियों’ को नहीं बख्शा जाएगा: विधायक
इस पूरे प्रकरण को लेकर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों को सरकार छोड़ने वाली नहीं है। जहां बेटियां हिम्मत से सामने आ रही हैं, वहां अपराधियों के घर तक तोड़े जा रहे हैं। ये टीका लगाकर, कलावा बांधकर बहन-बेटियों को फंसाते हैं। अगर बाप बदलने का शौक है तो पूरी पहचान बदलकर आओ, वरना अंजाम तय है।
भोपाल में हिंदू बेटियों के साथ दुराचार करने वालों के विरुद्ध मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी के द्वारा की गई कार्यवाही के लिए धन्यवाद ।
कोई भी हो बहन बेटियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी…@DrMohanYadav51 @DGP_MP @CMMadhyaPradesh pic.twitter.com/rtSThwZmFa
— Rameshwar Sharma (@rameshwar4111) July 30, 2025
जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही सरकार: उमाकांत शर्मा
सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा ने भी सरकार की कार्रवाई का समर्थन किया और कहा, “मुख्यमंत्री मोहन यादव की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे लोगों को जेल और बुलडोजर दोनों का सामना करना पड़ेगा। लव जिहाद और ड्रग माफिया अब मध्यप्रदेश में नहीं पनपेंगे।”
गिरफ्तारी से खुला बड़ा गिरोह
कुछ दिन पहले क्राइम ब्रांच ने शाहवर मछली और उसके भतीजे यासीन को गैमन मॉल के पास से गिरफ्तार किया था। इनकी तलाशी में एमडी ड्रग्स और एक देशी पिस्टल मिली थी। जांच के दौरान यासीन के मोबाइल से न्यूड वीडियो, ब्लैकमेलिंग की रिकॉर्डिंग और युवकों की पिटाई के वीडियो भी मिले।
शारिक मछली पर यौन शोषण के आरोप
एक युवती ने सामने आकर शारिक मछली और उसके दो साथियों पर ब्लैकमेलिंग, यौन शोषण और न्यूड फोटो वायरल करने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में आनंद नगर चौकी में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
