,

हरियाली तीज महोत्सव में रंग घोलने पहुंचीं महापौर मालती राय, मां दुर्गा मंदिर में की पूजा-अर्चना

Author Picture
Published On: 4 August 2025

भोपाल | राजधानी भोपाल की सांस्कृतिक रसभरी फिजाओं में हरियाली तीज की छटा उस समय और भी खिल उठी, जब शहर की महापौर मालती राय स्वयं महिलाओं के उत्सव में सम्मिलित होने पहुंचीं। अवसर था अखिल भारत वर्षीय हैहय कल्चुरी महासभा की महिला मंडल द्वारा आयोजित भव्य हरियाली तीज महोत्सव का, जिसे अरेरा कॉलोनी स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर में मनाया गया।

की पूजा-अर्चना

महापौर राय ने ना केवल पूरे विधिविधान से पूजा-अर्चना की, बल्कि मां दुर्गा का जलाभिषेक कर सावन की इस विशेष तिथि पर समृद्धि और सुख-शांति की कामना भी की। उनके स्वागत में महिला मंडल की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां मंच पर फूलों से स्वागत कर उनका अभिनंदन किया गया।

कही ये बात

अपने उद्बोधन में महापौर मालती राय ने कहा, “श्रावण मास नारी शक्ति के सांस्कृतिक और अध्यात्मिक स्वरूप को जागृत करने वाला समय है। हरियाली तीज जैसे पर्व महिलाओं की आस्था, उमंग और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से हमारी परंपराएं जीवंत रहती हैं और नई पीढ़ी को इनसे जुड़ने का अवसर मिलता है।”

महोत्सव में शामिल महिलाओं की सजी-धजी उपस्थिति, लोकगीतों की गूंज और पारंपरिक तीज रस्मों ने पूरे कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। नृत्य, गीत और सजावट के साथ कार्यक्रम ने सांस्कृतिक रंग में दर्शकों को रंग दिया।

ये लोग रहे मौजूद

इस मौके पर महिला मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष कमलेश राय सहित कई वरिष्ठ सदस्य और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। उन्होंने भी अपने वक्तव्यों में एकता और संस्कृति को संजोने की अपील की। कार्यक्रम का समापन सामूहिक मंगल कामनाओं और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp