,

गुफा मंदिर में विकास की नई सीढ़ी, श्रद्धालु उत्साहित; 62 लाख के विस्तार कार्य का भूमिपूजन

Author Picture
Published On: 4 August 2025

भोपाल | राजधानी भोपाल के ऐतिहासिक गुफा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी सौगात की शुरुआत हुई है। सोमवार को मंदिर की मुख्य सीढ़ियों के विस्तारीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। यह कार्य लगभग 62 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही और दर्शन व्यवस्था और अधिक सुगम हो सकेगी।

इस विशेष अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन मंदिर के महंत महा मंडलेश्वर रामप्रवेश दास महाराज के सान्निध्य में हुआ। भूमिपूजन कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग और भोपाल की महापौर मालती राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने पूजन के बाद मंदिर प्रांगण में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

ये लोग रहे मौजूद

मंदिर की मुख्य सीढ़ियों के विस्तार को लेकर जो मानचित्र तैयार किया गया है, उसका अवलोकन मंत्री और महापौर ने मौके पर किया। योजना के अनुसार नई सीढ़ियाँ चौड़ी, सुगम और सुरक्षित बनाई जाएंगी, ताकि हर आयु वर्ग के श्रद्धालु निर्बाध रूप से मंदिर तक पहुंच सकें। यह कार्य न केवल सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि मंदिर परिसर की भव्यता में भी इज़ाफा करेगा।

इस मौके पर पार्षद प्रियंका मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय निवासी और मंदिर समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में महंत रामप्रवेश दास महाराज ने मंत्री विश्वास सारंग और महापौर मालती राय को अंगवस्त्र और पौधे भेंटकर आशीर्वाद स्वरूप सम्मानित किया।

श्रद्धालु उत्साहित

श्रद्धालुओं में इस विकास कार्य को लेकर खासा उत्साह देखा गया। कई लोगों ने इसे मंदिर की गरिमा के अनुरूप एक जरूरी कदम बताया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सीढ़ियों के चौड़े और मजबूत होने से भीड़भाड़ के दौरान होने वाली असुविधा अब दूर हो सकेगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp