जबलपुर | एकतरफा प्यार में पागल युवक ने 17 वर्षीय स्कूली छात्रा की जान ले ली। पाटन क्षेत्र के ग्राम सकरा में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात हुई, जहां घर से बाहर निकली एक नाबालिग पर युवक ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। खून से लथपथ छात्रा को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
लड़की को करता था परेशान
मृतक लड़की स्थानीय सरकारी स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक, गांव का ही रहने वाला 22 वर्षीय राकेश कुमार लंबे समय से लड़की को परेशान कर रहा था। वह उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन छात्रा ने साफ इनकार कर दिया था। आरोपी आए दिन उसे स्कूल आते-जाते रास्ते में रोकता और छेड़छाड़ करता था।
जानकारी के मुताबिक, 2 दिन पहले भी राकेश ने उसके साथ बदसलूकी की थी। छात्रा ने इसका कड़ा विरोध किया और यहां तक कहा कि वह पुलिस में शिकायत करेगी। उसी दिन राकेश ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।
हुई मौत
घटना मंगलवार सुबह करीब 4 बजे की है। छात्रा किसी काम से घर के बाहर निकली थी। तभी पहले से घात लगाकर बैठे राकेश ने उस पर कुल्हाड़ी से दो-तीन बार वार कर दिए। उसकी चीख-पुकार सुनकर माता-पिता बाहर दौड़े आए, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस और एसडीओपी लोकेश डाबर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी राकेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
तनाव का माहौल
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या लड़की के बार-बार विरोध करने और शादी से इनकार करने पर बदले की नीयत से की गई। मृतका के परिवार में मां, पिता और एक छोटी बहन है। पिता खेती करते हैं।
गांव में इस घटना के बाद से तनाव का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ थाने और घटनास्थल पर जमा हो गई। पुलिस की कई टीमें राकेश की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
