,

22 अगस्त से विदिशा के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेडियम में भर्ती रैली का आयोजन, हजारों युवा होंगे शामिल

Author Picture
Published On: 11 August 2025

भोपाल/विदिशा | मध्य प्रदेश में युवाओं के लिए सेना में शामिल होने का बड़ा मौका मिलने वाला है। भोपाल सेना भर्ती कार्यालय की ओर से 22 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक विदिशा के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेडियम में भर्ती रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब साढ़े सात हजार युवा हिस्सा लेंगे।

इन जिलों के युवा होंगे शामिल

इस रैली में मध्यप्रदेश के 15 जिलों अशोकनगर, भोपाल, बैतूल, छिंदवाड़ा, दमोह, गुना, हरदा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, पन्ना, पांढुर्णा, रायसेन, राजगढ़, सीहोर और विदिशा के पुरुष उम्मीदवार शामिल होंगे। यहां अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी और अग्निवीर ट्रेड्समैन पदों पर भर्ती होगी। साथ ही, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के लिए सिपाही फार्मा, सिपाही तकनीकी नर्सिंग सहायक, धर्मगुरु, जेसीओ कैटरिंग, एजुकेशन हवलदार और हवलदार सर्वेयर ऑटोमेटेड कार्टोग्राफर पदों के लिए भी चयन प्रक्रिया होगी।

निर्धारित कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 22 से 30 अगस्त तक अग्निवीर श्रेणी की भर्ती होगी। 31 अगस्त को सिपाही फार्मा और तकनीकी नर्सिंग सहायक पदों के लिए रैली होगी, जबकि 1 सितंबर को धर्मगुरु, जेसीओ कैटरिंग, एजुकेशन हवलदार और सर्वेयर ऑटोमेटेड कार्टोग्राफर के उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

ईमेल पर भेजे गए प्रवेश पत्र

भर्ती रैली के लिए 30 जून से 10 जुलाई तक ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें सफल हुए अभ्यर्थी अब शारीरिक दक्षता और अन्य चरणों में हिस्सा लेंगे। प्रवेश पत्र 9 अगस्त को उम्मीदवारों की ईमेल पर भेज दिए गए हैं, जिनमें दी गई तिथि और समय के अनुसार ही स्टेडियम में प्रवेश मिलेगा। खास बात यह है कि अभ्यर्थियों की दौड़ रात 1 बजे से शुरू होगी।

ये चीजें अनिवार्य

प्रवेश के लिए प्रवेश पत्र, सभी आवश्यक दस्तावेज, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और इंटरनेट कनेक्शन वाला स्मार्टफोन साथ लाना अनिवार्य रहेगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp