भोपाल | मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी भोपाल में चलाए गए पुलिस अभियान ‘ऑपरेशन मछली’ पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए स्पष्ट संदेश दिया कि कानून के सामने सभी बराबर हैं और अपराधी चाहे कितना भी बड़ा, प्रभावशाली या कारोबारी क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम की सख्ती
मुख्यमंत्री ने कहा, “कोई कितना भी बड़ा हो, कितना भी अप्रोच वाला हो, कितना बड़ा कारोबारी हो, किसी से भी जुड़ा हो — किसी को छोड़ा नहीं जाएगा।” उनके इस बयान को राजधानी में हाल ही में हुए पुलिस अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें पुलिस ने व्यापक पैमाने पर छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई की है।
पुलिसकर्मी तैनात
सूत्रों के अनुसार, ‘ऑपरेशन मछली’ के तहत भोपाल पुलिस ने कई संवेदनशील इलाकों में एक साथ दबिश दी। शहरभर में पुलिस का सघन जाल बिछा दिया गया और हर मुख्य सड़क, चौराहे और बाजार में पुलिसकर्मी तैनात रहे। अभियान के दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और अवैध गतिविधियों पर नकेल कसी गई। हालांकि, मुख्यमंत्री ने अपने बयान में ‘शरिक मछली’ का नाम नहीं लिया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे एक अप्रत्यक्ष संदेश माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि सरकार इस समय राजधानी समेत प्रदेशभर में माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है।
पुलिस ने दी ये जानकारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी और किसी भी व्यक्ति को उसके पद, हैसियत या संबंधों के आधार पर छूट नहीं दी जाएगी। इस अभियान ने आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ाया है, वहीं अपराध जगत में खौफ का माहौल भी पैदा किया है।
मुख्यमंत्री के सख्त तेवर और पुलिस की सक्रियता से साफ है कि आने वाले दिनों में ‘ऑपरेशन मछली’ का दायरा और बढ़ाया जा सकता है। सरकार का फोकस संगठित अपराध, अवैध कारोबार और माफिया तंत्र को पूरी तरह खत्म करने पर है, ताकि राजधानी सहित पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था और मजबूत की जा सके।
