जबलपुर के बरगी क्षेत्र में रविवार रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान दो गुटों में विवाद इतना बढ़ा कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। फरसा, चाकू और पिस्टल से हुए हमले में पांच लोग घायल हो गए। घटना बरगी के एसएसबी रिसॉर्ट की है। देर रात पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी अस्पताल भिजवाया। हमलावरों की तलाश जारी है। विवाद की शुरुआत महज एक सिगरेट को लेकर हुई थी। जानकारी के अनुसार, शरद यादव अपने साथियों के साथ रिसॉर्ट में बर्थडे मना रहा था। इसी बीच साथी अभिलाष चौधरी बाहर आकर सिगरेट पी रहा था। तभी अंकित पटेल ने उससे सिगरेट मांगी। अभिलाष ने यह कहते हुए मना कर दिया कि वह उसे नहीं जानता।
आई चोट
इस पर अंकित के साथी राजेंद्र पटेल ने भाजयुमो बरगी मंडल अध्यक्ष राकेश उर्फ गोलू आर्मो को फोन कर बुला लिया। आरोप है कि राकेश अपने साथियों संग मौके पर पहुंचा और फरसा लहराते हुए हमला कर दिया। पीड़ितों ने बताया कि एक दर्जन से अधिक युवक हथियारों से लैस होकर आए थे। भागने की कोशिश के दौरान भी चाकू और फरसे से वार किए गए। आशुतोष नाथ के कंधे में चोट लगी, जबकि अन्य युवकों को भी गंभीर चोटें आई हैं।
इलाज जारी
घायल पक्ष का कहना है कि इस हमले का मास्टरमाइंड भाजयुमो नेता राकेश आर्मो है। अफरा-तफरी के बीच लोग भागकर बरगी पुलिस चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि हमले में कई लोग शामिल थे। फिलहाल, घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
