,

भोपाल में ‘अभ्युदय-2025’ का आगाज, मुख्यमंत्री ने किया माखनलाल चतुर्वेदी की प्रतिमा का अनावरण

Author Picture
Published On: 20 August 2025

भोपाल | माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में बुधवार से तीन दिवसीय ‘अभ्युदय-2025’ का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया और इस अवसर पर हिंदी के महाकवि, पत्रकार और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. माखनलाल चतुर्वेदी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पं. माखनलाल चतुर्वेदी ने हिंदी भाषा को पुनः स्थापित करने का अभियान चलाया। वे न केवल कवि और लेखक थे, बल्कि पत्रकारिता के जरिए उन्होंने समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। हमें गर्व है कि ऐसे महापुरुष का जन्म मध्यप्रदेश की धरती पर हुआ। उन्होंने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि माखनलाल विश्वविद्यालय की पूरे देश में विशिष्ट पहचान है और यह संस्था पत्रकारिता की नयी पीढ़ी को सत्य और समाजहित की राह दिखा रही है।

पौधरोपण से पर्यावरण संरक्षण का संदेश

‘अभ्युदय-2025’ के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में कृष्णवट का पौधा रोपित किया। यह पौधा विश्वविद्यालय के पौधरोपण अभियान का 1111वां पौधा रहा। मुख्यमंत्री ने इसे पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का प्रतीक बताते हुए विद्यार्थियों से अपील की कि वे पत्रकारिता के साथ-साथ प्रकृति के प्रति भी उत्तरदायी रहें।

पत्रकारिता के दायित्व पर जोर

कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में ‘अभ्युदय’ का अर्थ केवल आरंभ नहीं है, बल्कि यह सतत जागरूकता, सत्य की खोज और समाज को नई दिशा देने की जिम्मेदारी का नाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे पत्रकारिता को केवल पेशा न मानें, बल्कि इसे समाज-निर्माण का माध्यम समझें।

गणमान्यजन हुए शामिल

कार्यक्रम में प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने पं. माखनलाल चतुर्वेदी की रचनाओं और हिंदी साहित्य में उनके योगदान पर विचार साझा किए। विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी, कैबिनेट मंत्री चेतन्य कश्यप, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और विद्वान इस अवसर पर मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने इससे पहले कुशाभाऊ ठाकरे सभागार, भोपाल में ‘सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह’ का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp