भोपाल | मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल अब धीरे-धीरे मेट्रोपोलिटन सिटी का आकार ले रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भोपाल को देश के सबसे सुंदर और व्यवस्थित शहरों में शामिल करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। भोपाल का विकास केवल राजधानी तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि आसपास के जिलों को भी इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन को आसान बनाने के लिए वेस्टर्न बायपास का निर्माण तेज़ी से हो रहा है। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और ट्रैफिक दबाव कम होगा। साथ ही उन्होंने यह घोषणा भी की कि अक्टूबर 2025 तक भोपाल में मेट्रो ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा।
बड़े तालाब में चलेगा शिकारा
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल के बड़े तालाब में कश्मीर की डल झील की तर्ज़ पर शिकारे चलाए जाएंगे। इससे शहर की खूबसूरती और आकर्षण और बढ़ेगा। नगर निगम के माध्यम से प्रमुख मार्गों पर भव्य द्वार बनाए जा रहे हैं। वहीं, शहर में एक विशाल कन्वेंशन सेंटर का निर्माण भी होगा, जिससे बड़े आयोजनों और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों को नई पहचान मिलेगी।
भोपाल के बड़े तालाब में मिलेगा डल झील जैसा आनंद : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भविष्य में जम्मू-कश्मीर की डल झील जैसा आनंद भोपाल के बड़े तालाब में मिलेगा। इस दिशा में हमारी सरकार कार्य कर रही है।@DrMohanYadav51 @JansamparkMP#JansamparkMP pic.twitter.com/AN8mvQOoHx
— Water Resources Department, MP (@minmpwrd) August 14, 2025
अमृत 2.0 योजना
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अमृत 2.0 परियोजना के अंतर्गत 582 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से विभिन्न जलापूर्ति कार्यों का भूमि-पूजन किया। इस योजना से भोपाल के 30 हजार घरों तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा 16 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से 50 विकास कार्यों की भी शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नगर निगम भोपाल द्वारा चयनित 24 नए अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। साथ ही अनुकंपा नियुक्ति योजना के तहत नगर निगम के दिवंगत कर्मचारियों के 31 परिजनों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
सफाई मित्रों का सम्मान
भोपाल को स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में उत्कृष्ट स्थान दिलाने वाले सफाई मित्रों को इस अवसर पर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई मित्रों की मेहनत और समर्पण से ही भोपाल देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगले सर्वेक्षण में भोपाल को नंबर-1 बनाने के लिए हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जीवटता और दूरदृष्टि का ही परिणाम है कि आज देश तेजी से विकसित हो रहा है। अमृत 2.0 जैसी योजनाओं से हर घर तक पानी पहुंचाने का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की नगरीय व्यवस्था प्राचीनकाल से ही समृद्ध रही है और हड़प्पा-मोहनजोदड़ो इसका उदाहरण हैं।
उन्होंने आगे कहा कि आज भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया में चौथे स्थान पर है। यह उपलब्धि लोकतंत्र की ताकत और स्थानीय निकायों की सक्रियता का परिणाम है। भोपाल के विलीनीकरण आंदोलन का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शहर लोकतांत्रिक मूल्यों को हमेशा से जीता आया है।
नगरों का विकास ही राज्य का विकास
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राज्य का विकास उसके नगरों के विकास से जुड़ा होता है। नगरों में रोजगार के अवसर बढ़ते हैं तो उनका आकार भी बढ़ता है। प्रधानमंत्री मोदी ने स्मार्ट सिटी मिशन और स्वच्छता सर्वेक्षण जैसी योजनाएं शुरू की हैं, जिनसे नगरों का स्वरूप पूरी तरह बदल रहा है।
उन्होंने कहा कि अमृत 2.0 योजना से भोपाल में 4 फिल्टर प्लांट और 4 इंटेकवेल बनाए जाएंगे। साथ ही 36 ऊंची टंकियों और 700 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के जरिए स्वच्छ पानी हर घर तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में रही मौजूदगी
इस अवसर पर महापौर मालती राय, पूर्व प्रोटेम स्पीकर और विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवान दास सबनानी, रवीन्द्र यति सहित नगर निगम के पार्षद, अधिकारी, कर्मचारी, सफाई मित्र और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
