भोपाल | कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देशन में सोमवार को समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीएम अंकुर मेश्राम ने की। इस दौरान एडीएम पीसी शाक्य, एडीएम प्रकाश नायक सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए। एडीएम अंकुर मेश्राम ने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान है। उन्होंने संबंधित विभागों को हिदायत दी कि हेल्पलाइन पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
ढिलाई बर्दाश्त नहीं
एडीएम ने सभी एसडीएम को स्पष्ट निर्देश दिए कि फॉर्मर रजिस्ट्री, धारणाधिकार प्रकरणों और पीएम किसान ई-केवाईसी जैसे लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जानी चाहिए।
भिक्षावृत्ति उन्मूलन
बैठक में भिक्षावृत्ति उन्मूलन के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। एडीएम ने कहा कि शहर में गठित दल नियमित निरीक्षण करें और भिक्षावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कार्यवाही को प्रभावी रूप से लागू करें। उन्होंने कहा कि यह न केवल कानून-व्यवस्था का विषय है, बल्कि सामाजिक सरोकार से भी जुड़ा हुआ है।
पौधारोपण
वृहद पौधारोपण अभियान की प्रगति पर भी एडीएम ने समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सक्रियता दिखाएं। पौधारोपण केवल संख्या तक सीमित न रहे, बल्कि लगाए गए पौधों की देखभाल और उनके संरक्षण पर भी जोर दिया जाए, ताकि अभियान का उद्देश्य पूरा हो सके।
अधिकारियों ने दिया आश्वासन
एडीएम अंकुर मेश्राम ने बैठक में कहा कि शासन की मंशा है कि जनता से जुड़े हर कार्य को प्राथमिकता और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी जिम्मेदारी से काम करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई के लिए तैयार रहें। बैठक में अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से जुड़े कार्यों की जानकारी दी और लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने का आश्वासन दिया।
