भोपाल | जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भोपाल के अधीन लीगल एड डिफेंस काउंसिल कार्यालय में विभिन्न संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। स्थगित साक्षात्कार की नई तिथियाँ घोषित कर दी गई हैं।
कार्यालय सहायक के 3 पद, रिसेप्शनिस्ट-कम-डाटा एंट्री ऑपरेटर का 1 पद तथा कार्यालय भृत्य का 1 पद एक वर्ष की संविदा पर भरे जाने हैं। इसके लिए पूर्व में आवेदन आमंत्रित किए गए थे और साक्षात्कार की तिथि 12 जनवरी 2025 निर्धारित की गई थी। लेकिन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय भोपाल द्वारा यह साक्षात्कार स्थगित कर दिया गया था।
निर्देश जारी
अब अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भोपाल के आदेशानुसार यह साक्षात्कार 20 और 21 सितंबर 2025 को आयोजित किया जाएगा। साक्षात्कार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक प्रधान जिला न्यायालय, अरेरा हिल्स, भोपाल में होंगे।
सभी पात्र उम्मीदवारों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित दिनांक और समय पर उपस्थित रहें। उम्मीदवारों को अपने सभी मूल दस्तावेज, उनकी एक-एक प्रति और एक वैध फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। साक्षात्कार की तिथि में किसी भी प्रकार के परिवर्तन हेतु निवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ऐसे करें चेक
इसके अलावा, अभ्यर्थी अपना रोल नंबर, साक्षात्कार की तारीख और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय, भोपाल की आधिकारिक वेबसाइट www.bhopal.nic.in, bhopal.dcourts.gov.in तथा मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर की वेबसाइट www.mpslsa.gov.in से देख सकते हैं।
भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा, जिन्होंने आवेदन प्रक्रिया के दौरान पात्रता शर्तों का पालन किया है। संविदा नियुक्ति की अवधि एक वर्ष के लिए होगी, जिसे आवश्यकता और प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है। इस भर्ती से कार्यालय सहायक कार्यों को गति मिलेगी, वहीं रिसेप्शनिस्ट और डाटा एंट्री ऑपरेटर पद पर चयनित उम्मीदवार कार्यालय संचालन और अभिलेख प्रबंधन में सहयोग करेंगे। कार्यालय भृत्य पद कार्यालयीन कार्यों के निर्वहन में सहायक होगा।
