भोपाल | राजधानी में शुक्रवार को खेलों के प्रति उत्साह का माहौल देखने को मिला जब सांसद आलोक शर्मा ने सांसद खेल महोत्सव 2025 का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने महोत्सव के लिए तैयार किए गए विशेष पोर्टल का भी उद्घाटन किया। खेल महोत्सव की शुरुआत के साथ ही पहले दिन हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, खो-खो, रस्सा-कसी और कबड्डी जैसे खेलों के लिए कुल 50 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया।
खेलों का महत्व
शुभारंभ कार्यक्रम में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि जीवन में खेलों का विशेष महत्व है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संदेश को भी याद दिलाया, जिसमें प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल और व्यायाम करने का आह्वान किया गया है। शर्मा ने कहा कि खेल न सिर्फ शारीरिक क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि मानसिक मजबूती और अनुशासन भी सिखाते हैं। उन्होंने बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे फिट इंडिया आंदोलन से जुड़कर अपनी सेहत को बेहतर बनाएं।
ये रहे उपस्थिति
कार्यक्रम में खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल प्रेमियों की भी बड़ी संख्या मौजूद रही। जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र अहिरवार और जिला खेल अधिकारी वाणी साहू ने भी उद्घाटन समारोह में शिरकत की। दोनों अधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को निखरने का मौका मिलता है।
यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री @narendramodi जी के मार्गदर्शन में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर लोकसभा में आयोजित होने वाले सांसद खेल महोत्सव की पंजीयन प्रक्रिया का शुभारंभ किया।#KheloIndia#SansadKhelMahotsav2025#NationalSportsDay2025 pic.twitter.com/3zUsbEdq9U
— Alok Sharma (@Alok_SharmaBJP) August 29, 2025
प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
सांसद खेल महोत्सव 2025 के जरिए जिले और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। खेल विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के आयोजन से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन मिलेगा। महोत्सव में अलग-अलग आयु वर्गों के लिए प्रतियोगिताएं रखी गई हैं ताकि हर स्तर पर खेलों को बढ़ावा दिया जा सके।
भोपाल में आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेलों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। सांसद आलोक शर्मा के अनुसार, आने वाले समय में इस महोत्सव को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिससे प्रदेश और देश को नई खेल प्रतिभाएं मिलेंगी।
