भोपाल | मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने शनिवार को न्यू मार्केट स्थित आहुजा बेकरी पर छापेमार कार्रवाई की। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई तब हुई जब विभाग को बेकरी में मिलावटी और अस्वच्छ परिस्थितियों में केक तैयार किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई।
गंदगी के बीच केक निर्माण
संयुक्त टीम के निरीक्षण में पाया गया कि बेकरी में अलग-अलग फ्लेवर के केक और अन्य उत्पाद गंदगी के बीच तैयार हो रहे थे। दुकान पर बिक्री के लिए रखे गए केक के साथ-साथ निर्माण में उपयोग हो रहे कच्चे खाद्य पदार्थ भी अस्वच्छ परिस्थितियों में पाए गए। मौके पर ही चॉकलेट फ्लेवर के केक और कच्चे खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।
बेकरी मालिक को नोटिस
निरीक्षण के दौरान बेकरी मालिक नितिन आहुजा को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया। साथ ही कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण और पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र की जांच की गई। अधिकारियों ने साफ-सफाई और रख-रखाव में गंभीर लापरवाही पाई, जिस पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
लाइसेंस निलंबन की चेतावनी
मुख्यालय खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि यदि बेकरी संचालक एक सप्ताह के भीतर सुधार रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करता है तो लाइसेंस रजिस्ट्रीकरण विनियमों के तहत लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद यदि उत्पाद अमानक या दूषित पाए जाते हैं तो अधिनियम अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार जारी है निरीक्षण अभियान
अभिहित अधिकारी देवेंद्र वर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद विभाग ने स्पष्ट किया कि रेस्टोरेंटों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार निरीक्षण और नमूना जांच की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए मिलावट और अस्वच्छता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
