भोपाल | MP कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को एक ऐतिहासिक पहल दर्ज हुई। लंबे समय से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मांग रही लाइब्रेरी का शुभारंभ आखिरकार कर दिया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। इस पहल को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की पहल और दूरदर्शिता का परिणाम बताया गया।
उद्घाटन समारोह में संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले, कांग्रेस विचार विभाग के अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी ने माना कि यह लाइब्रेरी कांग्रेस संगठन की वैचारिक और बौद्धिक मजबूती की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। डॉ. कामले ने कहा कि यह केवल एक पुस्तकालय नहीं बल्कि कांग्रेस की वैचारिक धरोहर है, जो कार्यकर्ताओं और नेताओं के बौद्धिक विकास का स्रोत बनेगी।
विचार-विमर्श का मंच
लाइब्रेरी में कांग्रेस के इतिहास, विचारधारा, महान नेताओं की जीवनी और प्रेरणादायी साहित्य का संकलन उपलब्ध रहेगा। भूपेंद्र गुप्ता ने बताया कि विचार विभाग के निर्देशन में समय-समय पर नए साहित्य का संग्रह किया जाएगा और इसे संवाद एवं विचार-विमर्श का केंद्र भी बनाया जाएगा। इससे कार्यकर्ताओं को न केवल अध्ययन का अवसर मिलेगा, बल्कि संगठनात्मक दृष्टिकोण भी मजबूत होगा।
आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक ऐतिहासिक क्षण दर्ज हुआ, जब कांग्रेसजनों की वर्षों पुरानी मांग पर लाइब्रेरी की स्थापना की गई। इसका शुभारंभ प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी श्री हरीश चौधरी जी ने किया।
यह लाइब्रेरी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी जी के निर्देशानुसार स्थापित… pic.twitter.com/pl2OrgGGU2
— MP Congress (@INCMP) August 30, 2025
कांग्रेस की सोच
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल एक राजनीतिक आंदोलन नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जो देश की लोकतांत्रिक परंपरा, भाईचारे, समानता और न्याय के मूल्यों को आगे बढ़ाती है। इस लाइब्रेरी का उद्देश्य इन्हीं मूल्यों के अध्ययन और संरक्षण को गति देना है।
कार्यकर्ताओं में उत्साह
इस शुभारंभ पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह लाइब्रेरी संगठन की नई दिशा और संकल्प का प्रतीक बनेगी। अब यह स्थान कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए अध्ययन, प्रशिक्षण और बौद्धिक विकास का केंद्र होगा। सभी ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में यह पहल कांग्रेस परिवार को एक नई वैचारिक ताकत देगी।
