,

CM यादव का ऐलान; सबके साथ, सबके विकास के लिए MP बढ़ रहा आगे

Author Picture
Published On: 1 September 2025

भोपाल | CM डॉ. मोहन यादव ने कहा कि MP अब देश की विकास यात्रा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। खेती-किसानी, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण और नए उद्योग-धंधों की स्थापना के जरिए प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। सोमवार को भोपाल में आयोजित इमर्जिंग बिजनेस कॉन्क्लेव में उन्होंने मीडिया संवाद के दौरान प्रदेश की उपलब्धियों और आने वाली योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आजीविका सुधारने के लिए कृषि, उद्यानिकी और आधुनिक खेती को प्रोत्साहित कर रही है। दुग्ध उत्पादन और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के साथ किसानों को सम्मान निधि दी जा रही है। धार जिले में देश का पहला पीएम मित्रा पार्क शुरू होने जा रहा है, जिसके लिए 3 सितंबर को दिल्ली में निवेशकों के साथ विशेष बैठक होगी।

पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में धार्मिक, आध्यात्मिक और वाइल्डलाइफ टूरिज्म को विशेष बढ़ावा दिया जा रहा है। उज्जैन में श्रीमहाकाल लोक के निर्माण के बाद पर्यटन में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, वर्ष 2024 में 7 करोड़ से अधिक श्रद्धालु वहां पहुंचे। इसी तर्ज पर अब राज्य के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है। बहुत जल्द यह सुविधा शुरू होगी।

निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण

डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का दिल है और अपनी भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर यह निवेशकों के लिए बेहतर गंतव्य बन सकता है। यहां भरपूर लैंड बैंक, अतिरिक्त बिजली और मजबूत अधोसंरचना उपलब्ध है। सरकार ने अप्रासंगिक कानूनों को समाप्त कर औद्योगिक प्रक्रियाओं को सरल बनाया है। 18 नई औद्योगिक नीतियों के जरिए निवेशकों को आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है।

कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि राज्य में असामाजिक और गुंडा तत्वों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। कानून तोड़ने वालों का प्रदेश से सफाया किया जाएगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp