,

भोपाल में नियमों का पालन न करने वालों पर गिरेगी गाज, कई होटल-बेकरी पर कार्रवाई की तैयारी

Author Picture
Published On: 6 September 2025

राजधानी भोपाल में खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने साफ कर दिया है कि अब नियम तोड़कर गंदगी और अस्वच्छ माहौल में खाने-पीने की चीजें बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि जिन दुकानों और फर्मों ने तय समय सीमा में सुधार के निर्देशों का पालन नहीं किया है, उनके लाइसेंस और पंजीयन रद्द कर दिए जाएंगे।

दरअसल, विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई होटल, बेकरी और ढाबों में साफ-सफाई के नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए जिला भोपाल के अभिहित अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण किया और जिन जगहों पर खामियां मिलीं, वहां सुधार सूचना पत्र जारी किए गए। अब तय समय में सुधार न करने वालों पर गाज गिरने वाली है।

लापरवाही आई सामने

28 अगस्त को करोंद इलाके में निरीक्षण के दौरान श्याम कृपा बेकर्स में बड़ी लापरवाही सामने आई। यहां बिना वैधानिक पंजीयन के गंदगी और अस्वास्थ्यकर माहौल में केक और अन्य बेकरी आइटम बनाए जा रहे थे। मौके पर ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

इसी तरह होशंगाबाद रोड पर स्थित वृंदावन ढाबा और शक्ति नगर के प्रियंका गृह उद्योग को भी नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने इनके खिलाफ सुधार सूचना पत्र दिए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं एमपी नगर स्थित लजीज हकीम होटल की शिकायत पर टीम ने वहां से खाद्य नमूने लिए हैं और जांच शुरू कर दी है।

की जाएगी कार्रवाई

अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में लोग बाहर का खाना बड़ी संख्या में खाते हैं। ऐसे में अगर होटल और बेकरी वाले साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखते तो सीधे तौर पर लोगों की सेहत पर असर पड़ता है। विभाग का मकसद है कि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित भोजन मिल सके। खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ कहा है कि अब केवल चेतावनी पर ही काम नहीं चलेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कदम उठाए जाएंगे, जिससे बाकी कारोबारियों को भी संदेश मिले कि सरकार इस मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp