,

भोपाल में कर्मयोगी iGot पर सीखे सप्ताह में शामिल होंगे सरकारी सेवक, सीईओ जिला पंचायत ने दिए सख्त निर्देश

Author Picture
Published On: 8 September 2025

भोपाल कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सोमवार को समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सीईओ जिला पंचायत श्रीमती इला तिवारी ने की। इसमें एडीएम अंकुर मेश्राम, अधिकारी पी.सी. शाक्य और अन्य संबंधित विभागों के अफसर मौजूद रहे।

iGot पर सीखे सप्ताह

बैठक में सबसे पहले कर्मयोगी योजना के तहत चल रहे ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम iGot पर सीखे सप्ताह पर चर्चा हुई। सीईओ ने साफ निर्देश दिए कि 15 से 19 सितंबर तक होने वाले इस कार्यक्रम में हर सरकारी सेवक का पंजीयन अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी सिर्फ कामकाज तक सीमित न रहें, बल्कि नई कार्यशैली और तकनीक सीखकर अपनी दक्षता बढ़ाएं। इससे शासन की योजनाओं को बेहतर तरीके से आम जनता तक पहुंचाया जा सकेगा।

भिक्षावृत्ति उन्मूलन पर जोर

बैठक के दौरान सीईओ ने एक और अहम मुद्दे पर भिक्षावृत्ति उन्मूलन जोर दिया। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे संयुक्त दल के साथ बैठक कर भिक्षावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्यवाही करें। उनका कहना था कि यह केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का अभियान है।

इसके साथ ही एपीसी बैठक में मिले लक्ष्यों की समीक्षा की गई। सीईओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दिसंबर माह तक सभी निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश

यातायात प्रबंधन भी बैठक का बड़ा मुद्दा रहा। सीईओ ने कहा कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए लेफ्ट टर्न, ब्लैक स्पॉट्स और कंडम वाहनों के निस्तारण पर तुरंत कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात सुगम बनाने के लिए यह कदम बेहद जरूरी हैं। बैठक में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे विभागीय कार्यों में समन्वय बनाए रखें और हर हफ्ते प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp