, ,

पार्षद अनवर कादरी की रिमांड 12 सितंबर तक बढ़ी, बेटी आयशा भेजी गई जेल; हथियारों और लव जिहाद मामले में होगी पूछताछ

Author Picture
Published On: 8 September 2025

इंदौर की बाणगंगा पुलिस ने कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी को सोमवार को रिमांड खत्म होने पर कोर्ट में पेश किया। अदालत ने पुलिस की दलीलों को मानते हुए उनका रिमांड 12 सितंबर तक बढ़ा दिया। पुलिस का कहना है कि अभी भी कई अहम दस्तावेज और बैंक खातों की डिटेल्स सामने नहीं आई हैं, जिन्हें लेकर आगे पूछताछ जरूरी है।

नागपुर से लाए लेकिन हाथ खाली

पुलिस ने रविवार को अनवर को नागपुर से इंदौर लाकर पूछताछ की थी, लेकिन वहां से कोई बड़ी जानकारी हाथ नहीं लगी। इस दौरान अनवर और उसकी बेटी आयशा को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ भी की गई, मगर कुछ ठोस सामने नहीं आया। रिमांड खत्म होने पर पुलिस ने आयशा को जेल भेज दिया।

कोर्ट में भीड़ ने घेरा

अनवर कादरी जैसे ही इंदौर कोर्ट पहुंचा, वहां मौजूद भीड़ ने उसे घेर लिया। माहौल तनावपूर्ण होते-होते बचा। इससे पहले कादरी को 5 दिन की रिमांड पर पुलिस को सौंपा गया था।

पुलिस को कादरी के घर से एक फर्जी आर्म्स लाइसेंस मिला था, जो कथित तौर पर जम्मू-कश्मीर से बनवाया गया था। इसी मामले में सदर बाजार पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है और अब कादरी से अवैध हथियारों को लेकर भी पूछताछ की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, रिमांड अवधि में कई और बिंदुओं पर तफ्तीश की जाएगी।

40 हजार का इनामी आरोपी

अनवर कादरी पर 40 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह दो दुष्कर्म मामलों में वांटेड था। ये केस 11 जून को दर्ज हुए थे, जिनमें मुख्य आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं। जांच में कादरी का नाम सामने आने के बाद उसे मुख्य आरोपी बनाया गया। सबूतों के आधार पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे थे और कोर्ट ने उसे 8 सितंबर को पेश होने के निर्देश दिए थे।

लव जिहाद मामले में भी नाम

करीब दो महीने पहले बाणगंगा क्षेत्र में दो युवकों पर दो लड़कियों के साथ रेप और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का केस दर्ज हुआ था। जांच के दौरान सामने आए वीडियो में दोनों आरोपियों ने अनवर कादरी का नाम लिया। आरोप है कि कादरी ने युवकों को लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाने के लिए एक लाख रुपये और निकाह कराने पर दो लाख रुपये देने का वादा किया था।

क्रमांक वर्ष थाना धाराएं
1 1997 संयोगितागंज 323, 2984, 506 भादंवि
2 1998 संयोगितागंज 25 आर्म्स एक्ट
3 2002 संयोगितागंज 307, 34 भादंवि
4 2002 संयोगितागंज 294, 452, 506 भादंवि
5 2006 संयोगितागंज 451, 323, 294, 506 भादंवि
6 2007 संयोगितागंज 307, 147, 341, 294 भादंवि
7 2010 सदर बाजार 147, 294, 506, 427 भादंवि
8 1996 महाकाल उज्जैन 392 भादंवि
9 2014 चंदन नगर 292 ट (3) मप्र नगर निगम एक्ट
10 2019 चंदन नगर 292 ट (3) मप्र नगर निगम एक्ट, 467, 468, 471, 420 भादंवि
11 2020 सदर बाजार 323, 294, 506, 34 भादंवि
12 1997 जुगर्राना 324, 34 भादंवि
13 1997 खजराना 25 आर्म्स एक्ट
14 1998 खजराना 25 आर्म्स एक्ट
15 1998 जूनि इंदौर 294, 506, 34 भादंवि, 25 आर्म्स एक्ट
16 2022 सर्राफा 294, 353, 506, 171 (71), भादंवि, 6, 7, 8 मप्र स्थानीय प्राधिकारी (निर्वाचन अपराध) अधि. 1964
17 2024 सदर बाजार 452, 323, 294, 506, 34 भादंवि
18 2025 सदर बाजार 196 (1)(1) बीएनएसएस

आरोपी साहिल शेख और अल्ताफ सोशल मीडिया पर फर्जी हिंदू नामों से आईडी बनाकर लड़कियों से संपर्क करते थे। वे ‘अर्जुन’ और ‘राज’ जैसे नामों का इस्तेमाल करते और फिर मुलाकात के बहाने उन्हें अपने जाल में फंसाते। इसके बाद शादी और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाता था।

बेटी आयशा भेजी गई जेल

28 जुलाई को पुलिस ने कादरी की तलाश में दिल्ली सहित कई जगहों पर छापे मारे थे। इसी दौरान उसकी बेटी आयशा को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। उस पर आरोप था कि वह पिता के फरार रहने के दौरान लगातार संपर्क में थी। हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई थी।

आगे की कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि रिमांड अवधि में अनवर कादरी से कई और राज खुलने की उम्मीद है। खासकर उसके बैंक खातों, अवैध हथियारों और लव जिहाद केस में उसकी भूमिका को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। कोर्ट में अगली पेशी तक पुलिस को सबूत जुटाने का समय मिल गया है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp