,

23 सितंबर को होगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन, भोपाल में हुई ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक

Author Picture
Published On: 11 September 2025

राजधानी भोपाल में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (National Deworming Day) और एनीमिया मुक्त भारत अभियान की तैयारी तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को टीटी नगर में ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) डॉ. अर्चना रावत शर्मा ने की। इसमें स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, नगर निगम, स्कूल शिक्षा विभाग और डब्ल्यूएचओ के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

इन्हें मिलेगी दवा

बैठक में टीटी नगर सर्कल के अनुविभागीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिमेश सिंह ने बताया कि 23 सितंबर को हर बच्चे को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। यह गोली पेट में मौजूद कीड़ों को खत्म करने के लिए दी जाती है। इसके साथ ही एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत खून की कमी से जूझ रहे बच्चों और महिलाओं को आयरन की गोली या सीरप पिलाने की भी व्यवस्था की जाएगी।

साफ-सफाई पर जोर

बैठक में एसडीएम डॉ. अर्चना रावत शर्मा ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि 23 सितंबर को आंगनवाड़ी और स्कूलों के आसपास विशेष साफ-सफाई कराई जाए। इसके साथ ही कचरा कलेक्शन वाहनों से कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार भी किया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस अभियान से जुड़ें।

स्कूलों में होगी गतिविधियां

आंगनवाड़ी बाणगंगा परियोजना के अधिकारी को निर्देश दिया गया कि 23 सितंबर को आंगनवाड़ी केंद्र सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहें। सभी बच्चों और 19 से 49 साल की महिलाओं को बुलाकर एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाए। इसके अलावा स्कूलों में 1 साल से 19 साल तक के सभी बच्चों को यह दवा दी जाएगी। हालांकि यह साफ कर दिया गया कि बीमार बच्चों को यह गोली नहीं दी जाएगी।

बैठक के अंत में एसडीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि कृमि मुक्ति दिवस को अच्छे से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ा बड़ा अभियान है, इसलिए इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

ये लोग रहे मौजूद

बैठक में स्वास्थ्य विभाग से लिंक मेडिकल ऑफिसर डॉ. अंकित शर्मा, सुनील पाराशर, सौरभ पांडे, सिद्धार्थ पांडे, परियोजना अधिकारी अखिलेश चतुर्वेदी और नगर निगम ज़ोन 6, 7, 8 और 21 के प्रभारी मौजूद रहे। साथ ही, आरबीएसके के मेडिकल ऑफिसर और कई स्कूलों के संचालक भी बैठक का हिस्सा बने।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp