MP के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने 12वीं बोर्ड परीक्षा में टॉप करने वाले 7,832 विद्यार्थियों को स्कूटी दी और 20 लाख से अधिक बालिकाओं के बैंक खातों में 61 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बच्चों के लिए बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि राज्य में स्कूटी, लैपटॉप, साइकिल, कॉपी-किताबें सहित अनेक सुविधाएं विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही हैं ताकि वे अपनी प्रतिभा और योग्यता को आगे बढ़ा सकें।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्कूटी प्राप्त करने वाली छात्रा कु. हर्षिता के साथ स्कूटी की सवारी की और विद्यार्थियों का अभिवादन किया। इसके अलावा, उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद भी किया और उन्हें अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखने और लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
विश्व मंच पर भारत की चमक
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वे चाहते हैं कि ये विद्यार्थी भविष्य में मंत्री, अधिकारी या समाज सेवा में अग्रणी बनें और देश-प्रदेश के विकास में योगदान दें। वर्तमान समय में भारत विश्व के बड़े मंचों पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर और स्वदेशी बन रहा है। भारतीयों ने हर मुश्किल परिस्थिति में अपनी योग्यता और काबिलियत के बल पर विश्व में पहचान बनाई है। नेताजी सुभाषचंद्र बोस इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की खूबसूरती यह है कि यहां आम नागरिक भी देश और राज्य का सर्वोच्च पद हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि बदलते दौर में भारत नई तकनीक और नवाचार में अग्रणी है। अंतरिक्ष विज्ञान, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में देश लगातार प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी नवाचार और वैज्ञानिक प्रयासों को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
स्कूलों की स्थिति में सुधार
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में शासकीय स्कूलों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में सांदीपनि विद्यालयों की स्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 साल में लगभग 5 लाख विद्यार्थियों को लैपटॉप और 1 करोड़ से अधिक साइकिलें वितरित की गई हैं। टॉप टॉपर विद्यार्थियों को 250 करोड़ रुपए से अधिक की राशि से 23 हजार से अधिक स्कूटी दी जा चुकी हैं।
शासकीय स्कूलों की कक्षा 12वीं में टॉप करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान किया। हमारी युवा शक्ति ही भविष्य के विकसित मध्यप्रदेश की मजबूत आधारशिला है।
प्यारे बेटा-बेटियों आपके उज्ज्वल भविष्य हेतु अनंत मंगलकामनाएं!#स्कूटी_से_सपनों_को_गति_MP pic.twitter.com/hN7ZSIeOeQ
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 11, 2025
बालिकाओं के लिए विशेष योजना
मुख्यमंत्री ने बताया कि समग्र शिक्षा की सेनिटेशन और हाईजीन योजना के तहत कक्षा 7वीं से 12वीं तक पढ़ने वाली 20 लाख 37 हजार बालिकाओं के बैंक खातों में लगभग 61 करोड़ रुपए अंतरित किए गए। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय टाइप (IV) योजना के तहत छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं को टी.एल.एम और स्टायपेंड के लिए प्रति बालिका 3,400 रुपए प्रतिवर्ष दिए जाते हैं।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, महापौर भोपाल मालती राय और कई अधिकारी उपस्थित थे। सभी जिले वर्चुअली इस कार्यक्रम से जुड़े। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को उत्सव के इस अवसर पर बधाई दी और कहा कि बच्चों का उत्साह और प्रोत्साहन बढ़ाना हमेशा उनकी प्राथमिकता रहेगी।
