, ,

नेपाल से लेकर भारत तक… गुना BJP विधायक पन्नालाल शाक्य का बयान बना बवाल

Author Picture
Published On: 12 September 2025

मध्य प्रदेश के गुना से BJP विधायक पन्नालाल शाक्य के बयान ने प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी हलचल मचा दी है। उन्होंने गुरुवार को उत्कृष्ट स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय जूडो और बॉक्सिंग प्रतियोगिता के समापन समारोह में बोलते हुए कहा कि भारत में भी हालात बिगड़ सकते हैं और गृह युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। शाक्य ने दावा किया कि नेपाल, श्रीलंका, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में जैसी स्थिति बनी, वैसा भारत में भी हो सकता है।

युवाओं को मिलिट्री ट्रेनिंग देने की वकालत

अपने भाषण में शाक्य ने कहा कि 18 से 30 साल तक के युवाओं को अनिवार्य रूप से मिलिट्री ट्रेनिंग दी जानी चाहिए। उनका कहना था कि अगर युवा तैयार नहीं किए गए तो हालात नियंत्रण से बाहर हो सकते हैं। उन्होंने कहा, “आज हालात ऐसे हैं कि अगर हमने युवाओं को नहीं संभाला, तो कोई भी अंदर से हमला कर सकता है। सीमाएं सुरक्षित हैं, लेकिन अंदरूनी सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है।”

इतिहास के उदाहरण देकर जताई चिंता

शाक्य ने नालंदा विश्वविद्यालय और सोमनाथ मंदिर के उदाहरण देते हुए कहा कि जब 12 हजार विद्यार्थी और 1200 शिक्षक थे, तो सिर्फ 11 लोगों ने विश्वविद्यालय को जला दिया और छह महीने तक पुस्तकालय जलता रहा। इसी तरह सोमनाथ मंदिर को भी आग के हवाले कर दिया गया। उन्होंने कहा कि भरोसे में रहना ठीक नहीं, हमें हर समय सतर्क रहना होगा।

केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की मांग

विधायक ने यहां तक कह दिया कि जिला प्रशासन उनका लिखित प्रस्ताव दिल्ली भेजे और गृह एवं रक्षा मंत्रालय को तत्काल जानकारी दे। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवाओं की मिलिट्री ट्रेनिंग जल्दी से जल्दी शुरू होनी चाहिए। यहां तक कि उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि, “आजकल जितने स्कूटी लेकर घूमते हैं, कोई दो थप्पड़ मारकर स्कूटी छीन लेगा। इसलिए सावधान हो जाएं।”

बीजेपी ने किया किनारा

विधायक के इस बयान पर भाजपा भी बैकफुट पर दिखी। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने साफ कहा कि भाजपा इस तरह के बयान से सहमत नहीं है। उन्होंने कहा कि पन्नालाल शाक्य का बयान पार्टी की लाइन के विपरीत है और इस पर वरिष्ठ नेतृत्व अवश्य संज्ञान लेगा। आशीष अग्रवाल ने यह भी कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत एक मजबूत लोकतंत्र के रूप में पूरी दुनिया में स्थापित है और पन्नालाल शाक्य का बयान असहमति योग्य है।

सोशल मीडिया पर मचा घमासान

जैसे ही विधायक का यह बयान सामने आया, सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कई लोगों ने इसे देश की एकता के खिलाफ बताया, वहीं कुछ लोग युवाओं की मिलिट्री ट्रेनिंग की बात को सही ठहराते नजर आए। कांग्रेस ने भी इसे तुरंत निशाने पर लिया और कहा कि भाजपा के नेता देश को गृहयुद्ध की ओर धकेलने वाले बयान दे रहे हैं।

अब कार्रवाई की अटकलें

भाजपा विधायक के बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति में गरमाहट है। माना जा रहा है कि पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है। अब देखना यह होगा कि भाजपा इस बयान पर क्या रुख अपनाती है, क्योंकि विपक्ष ने इसे हाथों-हाथ मुद्दा बना लिया है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp