MP में इंजीनियर डे के मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अभियंता यानी इंजीनियर वह कड़ी हैं जो वैज्ञानिक खोज और जनता के बीच पुल का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में जल्द ही इंजीनियरिंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट बनाया जाएगा। इस संस्थान में इंजीनियरों को प्रशिक्षण देकर उन्हें और दक्ष बनाया जाएगा, ताकि वे देश और प्रदेश के विकास में बेहतर योगदान दे सकें।
प्रशिक्षण से मिलेगी नई क्षमता
सीएम ने कहा कि अभी इंजीनियरों को ट्रेनिंग के लिए अक्सर दूसरे राज्यों जाना पड़ता है। नया संस्थान प्रदेश में ही उनकी तकनीकी दक्षता बढ़ाएगा और देशभर के इंजीनियर यहां प्रशिक्षण लेने आएंगे। उन्होंने कहा कि इंजीनियर केवल निर्माण नहीं करते, बल्कि पुल, सड़क और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए लोगों को जोड़ते हैं।
पुरस्कार और सम्मान
इंजीनियर डे कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले इंजीनियरों और कंपनियों को पुरस्कार भी दिए गए। विश्वेश्वरैया पुरस्कार में कई विभागीय इंजीनियरों और सहायक यंत्रियों को सम्मानित किया गया। विश्वकर्मा पुरस्कार और रानी दुर्गावती पर्यावरण पुरस्कार भी दिए गए। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि अच्छे काम के लिए पुरस्कार और गड़बड़ी के लिए दंड जरूरी है।
मध्यप्रदेश में खुलेगा इंजीनियरिंग रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट…
आज भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में ‘अभियंता दिवस समारोह 2025’ का शुभारंभ कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभियंताओं व संविदाकारों को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। साथ ही लोक निर्माण सर्वेक्षण ऐप, न्यूज लेटर एवं… pic.twitter.com/PJGlB1PGlJ
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 15, 2025
डिजिटल प्लेटफॉर्म
कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग ने कई डिजिटल पहलें भी शुरू करने की जानकारी दी। GIS मैपिंग, पीएम गति शक्ति पोर्टल और नई मोबाइल ऐप्स के जरिए परियोजनाओं की निगरानी, प्लानिंग और भुगतान की प्रक्रिया आसान होगी। मंत्री ने कहा कि इंजीनियर केवल तकनीकी ज्ञान से नहीं, बल्कि अच्छे कार्य और जिम्मेदारी से बनते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंजीनियरिंग ट्रेनिंग संस्थान और डिजिटल प्रबंधन प्रणालियां प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा देंगी। उन्होंने सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के चित्र पर माल्यार्पण कर उनका सम्मान भी किया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।’
