भोपाल का बड़ा तालाब मंगलवार को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का गवाह बना। अपर लेक, खानूगांव में “राजा भोज मल्टी क्लास सेलिंग चैंपियनशिप-2025” की भव्य शुरुआत हुई। इस आयोजन का उद्घाटन प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने किया।
जलक्रीड़ा में बनेगा बड़ा नाम
उद्घाटन समारोह में मंत्री सारंग ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि मध्यप्रदेश जलक्रीड़ा का केंद्र बने। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। वॉटर स्पोर्ट्स को लेकर भोपाल का बड़ा तालाब पूरे देश की बेहतरीन वॉटर बॉडी में गिना जाता है। हाल ही में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया था। इससे साफ है कि यहां के खिलाड़ी वॉटर स्पोर्ट्स में देश का भविष्य बना सकते हैं।
खेल जगत की मौजूदगी
यह प्रतियोगिता ईएमई सेलिंग क्लब द्वारा आयोजित की जा रही है, जिसमें याटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया और मध्यप्रदेश शासन का सहयोग है। उद्घाटन कार्यक्रम में मेजर जनरल सुमित कब्ठियाल, जनरल ऑफिसर कमांडिंग पश्चिम मध्यप्रदेश सब एरिया, याटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष रिटायर्ड मेजर जनरल सोमा पिल्लई, खेल विभाग के एडीजी और निदेशक राकेश गुप्ता तथा पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र जैसे गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पहली रेस का शुभारंभ
मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों ने प्रतियोगिता के स्मृति चिन्ह का अनावरण किया और ध्वज प्रस्थान सम्पन्न किया। इसके बाद पहली रेस का शुभारंभ हुआ। बड़ी संख्या में खिलाड़ी और दर्शक इस मौके पर मौजूद थे, जिससे माहौल रोमांचक बन गया।
मध्यप्रदेश वॉटर स्पोर्ट्स का हब बने यही हमारा संकल्प है…
आज खानूगांव अपर लेक, भोपाल में आयोजित राजा भोज मल्टी क्लास सेलिंग चैम्पियनशिप 2025 का शुभारंभ किया एवं विभिन्न शहरों से आए प्रतिभावान खिलाड़ियों को संबोधित किया।
भोपाल का बड़ा तालाब न सिर्फ़ प्रदेश बल्कि पूरे देश की… pic.twitter.com/bDqPAJJl1j
— विश्वास कैलाश सारंग (@VishvasSarang) September 16, 2025
खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देगी, बल्कि भोपाल को भी राष्ट्रीय स्तर पर वॉटर स्पोर्ट्स के हब के रूप में स्थापित करने में मदद करेगी। खेल मंत्री सारंग ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें देश-विदेश में पहचान बनाने का अवसर मिलता है।
भोपाल का बड़ा तालाब आने वाले दिनों में सेलिंग प्रतियोगिताओं का बड़ा केंद्र बन सकता है। “राजा भोज मल्टी क्लास सेलिंग चैंपियनशिप” उसी दिशा में एक अहम कदम है, जहां खेल, संस्कृति और शहर की पहचान मिलकर नई ऊंचाईयों को छूने की ओर बढ़ रहे हैं।
