भोपाल में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार कार्यालय की ओर से 19 सितंबर, शुक्रवार को एक बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले का नाम “युवा संगम” रखा गया है, जो सुबह 11 बजे से आई.ए.एस. यूनिवर्सिटी, रातीबड़ परिसर में होगा।
15 कंपनियां होंगी शामिल
जिला रोजगार अधिकारी के मुताबिक, इस रोजगार मेले में 15 मल्टिनेशनल और नामी कंपनियां युवाओं को नौकरी और स्वरोजगार का मौका देने के लिए शामिल होंगी। इनमें एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, एलआईसी ऑफ इंडिया, नवभारत फर्टिलाइजर, एनआईआईटी, यूनो प्राइवेट लिमिटेड, मेन रिल ग्लोबल, फिडम एम्प्लॉयबिलिटी अकैडमी, नीवा हेल्थ लाइफ इंश्योरेंस, शिव शक्ति, स्विगी प्रा. लि., यूनिवर्सल प्रा. लि., पुखराज हेल्थ, लघु वित्त और इंडो नौकरी डॉट कॉम जैसी कंपनियां शामिल होंगी।
युवाओं से की गई अपील
जिला रोजगार अधिकारी ने प्रदेशभर के बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस मेले में जरूर पहुंचें। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी मूल प्रमाण-पत्र, बायोडाटा और फोटो साथ लाना न भूलें। यहां कंपनियां अपनी-अपनी शर्तों के आधार पर चयन प्रक्रिया करेंगी।
मौके पर होगा इंटरव्यू
इस मेले की खासियत यह है कि युवाओं का साक्षात्कार (इंटरव्यू) मौके पर ही लिया जाएगा। चयन की प्रक्रिया कंपनी द्वारा सीधे वहीं पर होगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे इंटरव्यू के दौरान कंपनी की शर्तों और सुविधाओं के बारे में पूरी जानकारी खुद लें और फिर निर्णय लें।
बड़ा अवसर
रोजगार कार्यालय का मानना है कि यह मेला बेरोजगार और नौकरी बदलने की सोच रहे युवाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर साबित होगा। न सिर्फ निजी कंपनियों में बल्कि बैंकिंग, इंश्योरेंस और सर्विस सेक्टर में भी अच्छे मौके मिलने की संभावना है।
