,

भोपाल के बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का सख्त फरमान, नियम विरुद्ध कॉलेजों पर कार्रवाई

Author Picture
Published On: 23 September 2025

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय प्रशासन भोपाल ने संबद्ध सभी महाविद्यालयों को नियमों का पालन करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव (अकादमिक) ने आदेश में स्पष्ट किया कि कई कॉलेज यूजीसी, एआईसीटीई, बीसीआई, एनसीटीई, आरसीआई और उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। खासकर, एक ही भवन में कई पाठ्यक्रम चलाना पूर्णतः अनुचित है और छात्रों के हितों के खिलाफ है।

एनएसयूआई ने उठाया था मुद्दा

एनएसयूआई भोपाल जिलाध्यक्ष अक्षय तोमर ने बताया कि संगठन लंबे समय से इस विषय पर शिकायत कर रहा था। कई कॉलेज एक ही बिल्डिंग में कई कोर्स चला रहे थे और कुछ अन्य विश्वविद्यालयों से संबद्ध कोर्स भी संचालित कर रहे थे, जो नियमों के खिलाफ है। उन्होंने विश्वविद्यालय से मांग की थी कि ऐसे महाविद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और सभी कॉलेजों को नियमों के पालन के निर्देश दिए जाएं।

अक्षय तोमर ने कहा, “यह अच्छी पहल है कि विश्वविद्यालय ने फर्जी और नियम विरुद्ध संचालित कॉलेजों पर शिकंजा कसने की शुरुआत की है। इससे शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा और पारदर्शिता बढ़ेगी।”

एनएसयूआई चलाएगी अभियान

एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने बताया कि प्रदेश में ऐसे सैकड़ों कॉलेज हैं जो नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। संगठन बहुत जल्द एक विशेष अभियान चलाएगा। इसके तहत एक ही भवन में कई कोर्स संचालित करने वाले और फर्जी तरीके से चल रहे महाविद्यालयों के खिलाफ छात्र-छात्राओं को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा।

रवि परमार ने स्पष्ट किया, “एनएसयूआई ऐसे सभी कॉलेजों में ताले लगाएगी जो छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं और नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो रहे हैं।”

शिक्षा व्यवस्था

एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय के इस निर्णय को उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और छात्रों को पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय कदम बताया। संगठन ने इसे अपनी लंबी लड़ाई की जीत बताया और घोषणा की कि आगामी दिनों में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आंदोलन और अभियान की रणनीति पर काम शुरू किया जाएगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp