,

भोपाल जिले की सभी 222 ग्राम पंचायतों में गांधी जयंती पर आयोजित होंगी ग्राम सभाएं, योजनाओं की दी जाएगी जानकारी

Author Picture
Published On: 1 October 2025

भोपाल में गांधी जयंती के मौके पर गुरुवार 2 अक्टूबर को भोपाल जिले की सभी 222 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। इन सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना, भावांतर योजना सहित कई अन्य योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। इसके साथ ही दशहरा मिलन समारोह भी मनाया जाएगा। अगले दिन, 3 अक्टूबर को भी प्रत्येक गांव में सभा का आयोजन होगा।

सभा को लेकर बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह भी इस बैठक में शामिल हुए और ग्राम पंचायतों में सभाओं की तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों की बैठक भी ली। नोडल अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सभा के दौरान संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं और विकास कार्यों की सही जानकारी दी जा सके।

विभागों की तैयारियों

  • वन विभाग: पांच साल की अवधि पूरी कर चुकी वन समितियों के पुनर्गठन पर चर्चा।
  • खाद्य विभाग: खाद्यान्न वितरण और अन्य योजनाओं की जानकारी।
  • पंचायत विभाग: पंचायत में ओएसआर सृजन बढ़ाने, अटल ई-सेवा केंद्र और ई-कोर्ट की स्थापना। सिकल सेल एनीमिया और श्मशान स्थलों से जुड़ी जानकारी। महिला सभा को मजबूत बनाने और नवीकरणीय ऊर्जा पर जोर।
  • राज्य रोजगार गारंटी परिषद: महिला श्रमिकों की भागीदारी बढ़ाने, जल गंगा संवर्धन अभियान और अमृत सरोवर 2.0 पर चर्चा। लखपति दीदी इनिशिएटिव के तहत वर्ष 2024-25 की सूची का वाचन।
  • सामाजिक न्याय विभाग: नशामुक्त भारत अभियान, पेंशन भोगी हितग्राही और दिव्यांगों के अधिकारों की जानकारी।
  • स्वास्थ्य विभाग: आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के जरिए 12 प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी, पैथोलॉजिकल जांचें, औषधियां, जन आरोग्य समिति और स्वास्थ्य स्वच्छता समिति की गतिविधियां।

ग्रामीणों का फायदा

इन सभाओं का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें सीधे अपने अधिकारों और सुविधाओं से जोड़ना है। साथ ही ग्राम स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और समुदाय की सहभागिता को मजबूत करने का भी प्रयास किया जाएगा। ग्राम सभा के जरिए प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच तैयार होगा, जिससे योजनाओं का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सकेगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp