त्योहारों के मौसम में राजधानी भोपाल के लोगों के लिए खुशखबरी है। शहर का लोकप्रिय अनंत मंडी इस बार 5 अक्टूबर रविवार को शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक भोजपुर क्लब, अरेरा कॉलोनी में आयोजित किया जाएगा। यह मंडी हर साल की तरह इस बार भी ऑर्गेनिक और लोकल उत्पादों को पेश करने के साथ सतत जीवनशैली को बढ़ावा देगी।
कपड़ों से बनी ज्वैलरी
इस साल मंडी में सबसे खास आकर्षण कपड़ों से बनी ज्वैलरी होगी। इसे स्थानीय कारीगरों ने पर्यावरण के अनुकूल तरीके से तैयार किया है। इसके अलावा, मंडी में लोग पाएंगे हैंडमेड सजावटी सामान, दीवाली गिफ्ट आइटम्स, जैविक खाद्य पदार्थ, बिना रसायन वाली सब्जियां, अनाज, दालें और पौष्टिक मिलेट्स। ये सभी उत्पाद टिकाऊ और स्वास्थ्यवर्धक होंगे।
किसानों को मिलेगा मंच
अनंत मंडी का उद्देश्य केवल खरीदारी का स्थान बनाना नहीं है। आयोजक चाहते हैं कि स्थानीय किसानों और कलाकारों को अपना हुनर दिखाने का अवसर मिले। मंडी में आने वाले लोग न केवल अपने परिवार के लिए बेहतर और हेल्दी विकल्प चुन पाएंगे, बल्कि उन मेहनती लोगों का भी समर्थन करेंगे, जो खेतों और कार्यशालाओं से सच्चे अर्थों में टिकाऊ उत्पाद तैयार करते हैं।
तैयारियों में नई रंगत
मंडी में आए लोग हस्तशिल्प और घरेलू सजावट के सामान देखकर अपनी त्योहार की तैयारियों में नयापन जोड़ सकेंगे। यहाँ मिलने वाले उत्पाद न केवल पर्यावरण के अनुकूल होंगे, बल्कि खरीदने वाले को भी संतोष और स्वास्थ्य की गारंटी देंगे। आयोजक बताते हैं कि ‘अनंत मंडी’ सतत (Sustainable) जीवनशैली को बढ़ावा देने वाली एक सामुदायिक पहल है। इसका मकसद लोगों को प्रकृति के करीब लाना, रसायन-मुक्त उत्पादों को अपनाना और स्थानीय कारीगरों के काम का समर्थन करना है।
खरीदारी के साथ समाज सेवा
हर खरीदारी के साथ उपभोक्ता न केवल अपने घर के लिए बेहतर विकल्प चुनते हैं, बल्कि स्थानीय कलाकारों और किसानों की मेहनत का सम्मान भी करते हैं। इस मंडी के माध्यम से त्योहारों की खुशियों में नई खुशबू और टिकाऊ विकल्पों का संगम देखने को मिलेगा।अनंत मंडी इस बार भी राजधानीवासियों के लिए खरीदारी और सीखने का अनोखा अनुभव लेकर आ रही है, जिसे मिस करना कोई नहीं चाहेगा।
