, ,

सीहोर में कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय कृषि मंत्री का रोका काफिला, किसानों की समस्याओं का सौंपा ज्ञापन

Author Picture
Published On: 6 October 2025

सीहोर जिले के बिलकिसगंज में शनिवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का काफिला कांग्रेस नेताओं ने रोक दिया। किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया और मंत्री को ज्ञापन सौंपा।

मंत्री चौहान एक शासकीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने गांधीगिरी के तहत विरोध जताया और मंत्री को गुलाब का फूल भी भेंट किया। काफिला रोका जाने पर शिवराज सिंह चौहान ने हल्के अंदाज में कहा कि हम तो मामा हैं यार, जहां कहते हैं रुकते हैं, सबकी सुनते हैं। पहले बात हो जाने दो, फिर नारे लगाना। इस पर वहां मौजूद कांग्रेस नेता भी मुस्कुराने लगे।

कांग्रेस नेताओं का आरोप

पूर्व विधायक और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शैलेंद्र पटेल ने कहा कि सीहोर जिले के किसानों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में सोयाबीन की फसल बर्बाद हो गई, लेकिन किसानों को न तो मुआवजा मिला और न ही फसल बीमा का लाभ। अधिकारियों द्वारा सर्वे होने के बावजूद अब तक किसानों के खातों में राशि नहीं जमा की गई।

पटेल ने बताया कि पड़ोसी जिलों के किसानों को फसल बीमा और मुआवजा राशि मिल चुकी है, लेकिन सीहोर के किसानों को अनदेखा किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से इस मामले में ध्यान देने की मांग की।

शिवराज सिंह चौहान का आश्वासन

कांग्रेस नेताओं की बात सुनने के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उन्हें फसल बीमा योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए ताकि राशि किसानों के खातों में जल्द से जल्द पहुंच सके। इस मौके पर पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती, ब्रजेश पटेल, आशीष गहलोत और अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp